जिला सूचना अधिकारी हरिद्वार द्वारा जारी विज्ञप्तियों का संक्षिप्त विवरण

Listen to this article

धर्म रक्षक धामी’ पुस्तक का विमोचन

हरिद्वार के ऋषिकुल सभागार में डॉ. सोनाली मिश्रा और रीना मानसेरा द्वारा लिखित पुस्तक ‘धर्म रक्षक धामी’ का विमोचन किया गया। जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी और आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरी सहित कई संतों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी और सांसद अजय भट्ट भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि यह पुस्तक मुख्यमंत्री द्वारा देवभूमि की सुरक्षा और धर्म रक्षा के लिए उठाए गए कड़े कदमों को जन-जन तक पहुँचाएगी।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला, दिनेश मानसेरा, श्यामवीर सैनी,जयपाल सिंह, विश्वास डाबर,सुनील सैनी, शोभाराम प्रजापति, अजीत चौधरी,मधु भट्ट, गीता खन्ना,देशराज कर्णवाल, मेयर किरण जैसल, काशीपुर मेयर दीप बाली, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, महामंत्री संजीव चौधरी व हीरा सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष तरुण नैय्यर, मंत्री विनीत जोली, दिव्यांशु विद्यार्थी, वासु पाराशर, कपिल जौनसारी, डॉ विशाल गर्ग,पार्षद आकृषिका,भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान,कथा वाचक पवन शास्त्री आदि सैकड़ो संतों,गणमान्य लोगों की उपस्थिति में धर्म रक्षक धामी पुस्तक का विमोचन हुआ।

राशन दुकानों का औचक निरीक्षण और कार्रवाई

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर हरिद्वार में १०० सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ६५ दुकानों में अनियमितताएं पाई गईं, जबकि ३५ दुकानों का संचालन सही मिला। जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य ने बताया कि अनियमितता बरतने वाले ६५ डीलरों को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया गया है। अब तक ३० डीलरों के जवाब प्राप्त हुए हैं, जिनमें से कई संतोषजनक नहीं हैं। सभी जवाब मिलने के बाद दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर का आयोजन

जनपद के भगवानपुर और बहादराबाद विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कुल ५,४९८ ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से ५,१५२ लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम के दौरान १,१९७ प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किए गए। शिविरों में कुल १२० शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से ५६ का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। बहादराबाद में अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी और भगवानपुर में अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान ने इन शिविरों की अध्यक्षता की।

निरंतर जारी है ‘स्वच्छ हरिद्वार’ अभियान

तीर्थनगरी हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए पिछले ३९ दिनों से निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं इस अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अभियान के तहत नगर क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण कस्बों, धार्मिक स्थलों और मुख्य मार्गो की सफाई की जा रही है। बीएचईएल टाउनशिप, चंडी देवी पैदल मार्ग और खानपुर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर झाड़ियों की कटाई और नालों की सफाई का कार्य किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहयोग किया।