हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद मे आज की ताजा खबरें,यहां देखें

Listen to this article

अंकिता भंडारी मामले में सीबीआई जांच की मांग

जन अधिकार पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी ने हरिद्वार प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो-वीडियो की सत्यता जांचने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को सच्चाई जानने का हक है। भंडारी ने मांग की कि मामले से जुड़े संदिग्धों की सीबीआई जांच और लाइव नार्को टेस्ट होना चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विधानसभा सम्मेलन

हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित अनुराग पैलेस में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विधानसभा सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल और विधायक मदन कौशिक सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने अटल जी के राष्ट्रभक्ति, सुशासन और परमाणु परीक्षण जैसे साहसिक निर्णयों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

गुरु गोविंद सिंह और साहिबजादों को नमन

कनखल स्थित श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल में गुरु गोविंद सिंह के अवतरण दिवस और चारों साहिबजादों का बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में अखंड पाठ और शबद कीर्तन हुआ। संतों ने कहा कि सिख गुरुओं का बलिदान देश और धर्म की रक्षा के लिए हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

देहरादून में सफल इनकम्पैटिबल किडनी ट्रांसप्लांट

मैक्स अस्पताल, देहरादून ने एक बड़ी चिकित्सा उपलब्धि हासिल करते हुए सफलतापूर्वक ‘ABO-इनकम्पैटिबल’ किडनी ट्रांसप्लांट किया है। इसमें 24 वर्षीय अदिति को उनकी मां ने अलग ब्लड ग्रुप होने के बावजूद किडनी दान की। डॉ. पुनीत अरोड़ा के नेतृत्व में हुई इस सर्जरी से उन मरीजों को नई उम्मीद मिली है जिन्हें अपने ब्लड ग्रुप का डोनर नहीं मिल पाता। अब ऐसी आधुनिक सुविधा देहरादून में ही उपलब्ध है।

नई दिल्ली में अटल तिरंगा सम्मान समारोह

नई दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में ‘अटल तिरंगा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों को सम्मानित किया गया। समारोह में स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने तिरंगे को भारत की आत्मा और संस्कार का प्रतीक बताया। इस अवसर पर सांसद मनोज तिवारी और अन्य वक्ताओं ने अटल जी के मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर चर्चा करते हुए युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित किया