उत्तराखंड समाचार: आज की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

पतंजलि विश्वविद्यालय में मोटापे के प्रबंधन पर कार्यशाला संपन्न

हरिद्वार। पतंजलि विश्वविद्यालय के योग और प्राकृतिक चिकित्सा संकाय द्वारा “मोटापे के प्रबंधन में योग और प्राकृतिक चिकित्सा का हस्तक्षेप” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में स्वामी परमार्थदेव और एम्स ऋषिकेश की डॉ. श्वेता मिश्रा ने शिरकत की। वक्ताओं ने जोर दिया कि अनुशासित जीवनशैली, सही आहार और योग के माध्यम से मोटापे जैसी आधुनिक बीमारियों को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है। इस दौरान डॉ. कनक सोनी ने घरेलू दिनचर्या में छोटे बदलावों के महत्व को समझाया।

‘धरती बचाने के लिए व्यवहार बदलना जरूरी’ : स्वामी चिदानन्द सरस्वती

ऋषिकेश। अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव की तैयारियों के बीच परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए हमें अपनी रोजमर्रा की आदतों को बदलना होगा। महोत्सव में आने वाले साधकों को कपड़े के झोले भेंट कर ‘सिंगल यूज प्लास्टिक’ मुक्त विश्व का संकल्प दिलाया जा रहा है। स्वामी जी ने स्पष्ट किया कि योग का वास्तविक अर्थ प्रकृति के साथ संतुलन बनाना है।

नैनीताल की झीलों का होगा कायाकल्प: भीमताल और नौकुचियाताल के लिए करोड़ों की योजनाएं

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने नैनीताल जनपद की झीलों के सौंदर्यकरण और पुनर्विकास की योजनाओं को गति दे दी है। सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने समीक्षा बैठक में बताया कि भीमताल झील (लागत ₹25.67 करोड़) और नौकुचियाताल-कमलताल (लागत ₹20.97 करोड़) के विकास के लिए विस्तृत खाका तैयार है। इन योजनाओं के तहत झीलों के चारों ओर पाथ-वे, पार्किंग, सेल्फी पॉइंट, वोटिंग स्टैंड और पार्कों का निर्माण किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार के अवसर पैदा करना है।