हरिद्वार समाचार: आज दिन भर के मुख्य समाचार, यहां देखें

Listen to this article

चारधाम यात्रा: ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

हरिद्वार। आगामी 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बैठक की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र में पेयजल, बिजली, शौचालय, सीसीटीवी और यात्रियों के बैठने की सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। यात्रा को सुगम बनाने के लिए 20 काउंटर और 70 प्रशिक्षित कर्मी तैनात किए गए हैं। बता दें कि 31 मार्च तक 10.75 लाख से अधिक यात्री ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं।

जनपद में वृहद सफाई अभियान: नोडल अधिकारियों ने संभाली कमान

हरिद्वार। चारधाम यात्रा और हरिद्वार को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशन में जिले भर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसमें होम्योपैथी विभाग, आयुर्वेदिक विभाग, सिडकुल, बीएचईएल और नगर निकायों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों, कार्यालयों और गलियों से भारी मात्रा में गीला व सूखा कूड़ा एकत्रित किया गया। जिलाधिकारी द्वारा तैनात नोडल अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान की निगरानी की।

सीवरेज कार्य में लाएं तेजी, तीन शिफ्टों में करें काम: जिलाधिकारी

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पेयजल निगम (गंगा डिवीजन) के अधिकारियों के साथ बैठक कर सीवरेज निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। जिलाधिकारी ने अपर रोड के कार्य को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने और काम की गति बढ़ाने के लिए तीन शिफ्टों में श्रमिक लगाने के आदेश दिए, ताकि स्थानीय नागरिकों और यात्रियों को असुविधा न हो।

आचार्य बालकृष्ण ‘विश्व आयुर्वेद रत्न’ सम्मान से सम्मानित

हरिद्वार/नई दिल्ली। पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण को यूनेस्को हाउस, नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में ‘विश्व आयुर्वेद रत्न’ से नवाजा गया। नेट ग्रीन फाउंडेशन द्वारा उन्हें यह सम्मान आयुर्वेद को वैश्विक पहचान दिलाने और भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण के लिए दिया गया। आचार्य बालकृष्ण ने इस सम्मान को आयुर्वेद की महान परंपरा को समर्पित किया। इस अवसर पर दिल्ली के मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा सहित कई अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ मौजूद रहे।

पांच हजार का इनामी चोर सिडकुल पुलिस की गिरफ्त में

हरिद्वार। सिडकुल पुलिस ने चोरी के मामले में फरार चल रहे 5000 रुपये के इनामी आरोपी आकाश उर्फ रोबिन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पिछले वर्ष 25 दिसंबर को एक कंपनी से लाखों रुपये की सिल्वर सीट चोरी की थी। जमानत मिलने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और ठिकाने बदल रहा था। एसएसपी द्वारा इनाम घोषित होने के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे सहारनपुर (यूपी) स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया।

ज्वालापुर में ट्रेनों के ठहराव और बस अड्डे की मांग उठी

हरिद्वार। इंटक कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष मोनिक धवन के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर सभी ट्रेनों के स्टॉपेज और क्षेत्र में नया बस अड्डा बनाने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि ज्वालापुर, भेल और सिडकुल की बड़ी आबादी को यात्रा के लिए हरिद्वार जाना पड़ता है, जिससे वहां भीड़ का दबाव बढ़ता है। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत उन्होंने ज्वालापुर अंडर ब्रिज तक पार्किंग बनाने की भी मांग की।