हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद में आज के मुख्य समाचार,यहां देखें

Listen to this article

हरिद्वार फायरिंग मामला: फायरिंग कांड व ‘बाज’ गैंग का पर्दाफाश

रानीपुर पुलिस ने भेल फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए ‘बाज’ गैंग से जुड़े 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे, कारतूस और चाकू बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने सोशल मीडिया पर अपना वर्चस्व दिखाने और पुरानी रंजिश के चलते 21 अप्रैल को ड्यूटी पर जा रहे युवकों पर हमला किया था।

पोक्सो एक्ट में गिरफ्तारी:  मासूम से अश्लील हरकत करने वाला आरोपी बाबा गिरफ्तार, श्यामपुर पुलिस ने पोक्सो एक्ट में भेजा जेल

श्यामपुर थाना पुलिस ने 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने के आरोपी शिवकुमार बाबा को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को तिरछे पुल के पास से दबोचा। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

रवि चौहान हत्याकांड का खुलासा: संपत्ति के लालच में हुई थी चालक रवि की हत्या; हिस्ट्रीशीटर और सुपारी किलर गिरफ्तार, दामाद निकला मास्टरमाइंड

ज्वालापुर पुलिस ने चालक रवि चौहान की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो सुपारी किलर्स को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि यह हत्या संपत्ति विवाद के चलते मृतक के सौतेले भाई के दामाद ने डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर करवाई थी। आरोपियों ने पहले रवि को शराब पिलाई और फिर गला घोंटकर उसकी लाश गंगनहर में फेंक दी थी। पुलिस अब मास्टरमाइंड दामाद और उसके भांजे की तलाश कर रही है।

भाजपा महिला मोर्चा: “इंडिया गठबंधन को माफ नहीं करेगी नारी शक्ति”; अलका गुर्जर ने विपक्ष को घेरा, गिनाईं केंद्र की योजनाएं

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री अलका गुर्जर ने हरिद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए इंडिया गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर देश की महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने उज्ज्वला और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि केवल भाजपा ही महिलाओं को वास्तविक सम्मान और अधिकार दे सकती है।

श्रीमद् भागवत कथा: चिन्मय बापू बोले- “सच्चे स्मरण से मिलता है मोक्ष”, निकाली गई भव्य शोभायात्रा

21वें गुरू स्मृति महोत्सव के छठे दिन कथा व्यास चिन्मय बापू ने श्रद्धालुओं को भागवत श्रवण की महिमा बताई। उन्होंने अजामिल के प्रसंग के माध्यम से समझाया कि सच्चे मन से ईश्वर का स्मरण करने मात्र से मनुष्य के पाप मिट जाते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम के दौरान भव्य गंगा शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में संत-महात्मा और भक्त शामिल हुए।