वन मंत्री सुबोध उनियाल ने किया श्यामपुर रेंज का निरीक्षण, टाइगर हत्या प्रकरण में दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Listen to this article


हरिद्वार, 20 मई। श्यामपुर रेंज में विगत दिनों नर एवं मादा टाइगर शावकों की हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
ज्ञात हो कि दो दिन पूर्व श्यामपुर क्षेत्र में वन गुर्जरों द्वारा नर एवं मादा टाइगर शावकों की हत्या किए जाने का मामला सामने आया था, जिसके बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन मंत्री स्वयं मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है तथा जो भी दोषी पाया जाएगा उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को वन्यजीव संरक्षण के लिए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अनिरुद्ध स्वप्निल, एसडीओ पूनम कैंथोला, रेंजर विनय कुमार राठी सहित वन विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।