ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में मेडिकल स्टोर संचालकों की हड़ताल
हरिद्वार। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुधवार को हरिद्वार में मेडिकल स्टोर संचालकों ने ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की। उत्तरांचल औषधि व्यवसायी महासंघ के बैनर तले दवा व्यवसायियों ने धरना प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। महासंघ के महामंत्री अमित गर्ग ने कहा कि बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के ऑनलाइन दवा बिक्री और होम डिलीवरी जन स्वास्थ्य के लिए खतरा बन रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से छोटे केमिस्टों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
देशी और अंग्रेजी शराब समेत दो तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 42 टैट्रा पैक देशी शराब और 40 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
काठा पीर मेले की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
हरिद्वार। शाह मोहम्मद शाह काठा पीर मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए ग्राम पंचायत धनपुरा और आसपास के ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मेले में अवैध वसूली, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
स्मैक समेत नशा तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 11.84 ग्राम स्मैक बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के श्वान रॉक्सी को दी गई अंतिम सलामी

हरिद्वार। पुलिस विभाग के प्रशिक्षित श्वान रॉक्सी को पुलिस लाइन रोशनाबाद में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। रॉक्सी ने कुंभ मेला, कांवड़ मेला और अन्य सुरक्षा अभियानों में विस्फोटक पदार्थों की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक उसे नमन किया।
संतों ने पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी को दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज सहित कई संतों ने खड़खड़ी श्मशान घाट पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (से.नि.) भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धांजलि अर्पित की। संतों ने उन्हें ईमानदार, अनुशासित और दूरदर्शी राजनेता बताते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
पत्रकार सुरक्षा आयोग गठन की उठी मांग

हरिद्वार। जिला प्रेस क्लब हरिद्वार की बैठक में पत्रकारिता दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में पत्रकारों के उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पत्रकार सुरक्षा आयोग के गठन की मांग की गई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी को भी श्रद्धांजलि दी गई।













