कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी को दी श्रद्धांजलि
हरिद्वार। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऋषिकुल स्थित पार्टी कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें वक्ताओं ने राजीव गांधी के योगदान को याद किया।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि 21 मई 1991 को देश ने एक दूरदर्शी और आधुनिक सोच वाले नेता को खो दिया था। उन्होंने कहा कि भारत को डिजिटल युग की ओर अग्रसर करने की नींव राजीव गांधी ने रखी थी।
संजय सैनी और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को लोकतंत्र में भागीदारी देने के उद्देश्य से मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की। उन्होंने पंचायत स्तर तक सत्ता के विकेंद्रीकरण को भी बढ़ावा दिया।
युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष गौरव चौहान और महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए जवाहर नवोदय विद्यालयों की स्थापना राजीव गांधी की दूरदर्शिता का परिणाम है।
कार्यक्रम में अनंत पांडेय, धर्मराज सैनी, जवाहर चावला, दीपक कोरी, राजू चित्कारा, नितिन कश्यप, सागर बेनीवाल, देवेंद्र गैरोला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मधुकांत गिरि बने कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव

हरिद्वार। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मधुकांत गिरि को कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष गौरव चौधरी ने उनकी नियुक्ति की घोषणा करते हुए कहा कि मधुकांत गिरि लंबे समय से पार्टी के प्रति समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने में मधुकांत गिरि की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ओबीसी वर्ग को कांग्रेस से जोड़ने में अहम योगदान देंगे।
नवनियुक्त प्रदेश महासचिव मधुकांत गिरि ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी और मेहनत से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और युवाओं व पिछड़े वर्ग के लोगों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ना रहेगा।
पूर्व राज्यमंत्री डॉ. संजय पालीवाल और वरिष्ठ नेता रविश भटीजा ने कहा कि मधुकांत गिरि के अनुभव और कार्यशैली से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी चुनावों में इसका सकारात्मक प्रभाव दिखाई देगा।
इस अवसर पर एडवोकेट अरविंद शर्मा, गुलशन नैय्यर, सुभाष कपिल, सतीश गुजराल, अर्जुन सिंह चौहान, कैलाश पाठक, नितिन हांडा, अशोक शर्मा, कैलाश भट्ट, महावीर वशिष्ठ, अमित झा सहित अनेक कांग्रेस नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
स्मैक समेत दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक सीज

हरिद्वार। नगर कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए बाइक से स्मैक लेकर जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15.37 ग्राम स्मैक बरामद की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर बाइक को भी सीज कर दिया गया है।
एसएसपी के निर्देश पर नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसआई ऋषिकांत पटवाल अपनी टीम के साथ टिबड़ी रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों वापस मुड़कर भागने लगे।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आजाद पुत्र इकबाल तथा शौकीन पुत्र जामिन निवासी घिस्सुपुरा थाना पथरी बताए।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अब स्मैक सप्लायर की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविरों में उपाध्यक्ष ने सुनी जनसमस्याएं

हरिद्वार। समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री स्तर के दर्जाधारी देसराज कर्णवाल ने गुरुवार को झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम इब्राहिमपुर देह और ग्राम मुंडेट में आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविरों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं।
प्रातः इब्राहिमपुर देह स्थित रविदास मंदिर में आयोजित शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आवास और शौचालय योजना से जुड़े 75 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। देसराज कर्णवाल ने जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी नारसन को निर्देश देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों के सभी आवेदन तत्काल ऑनलाइन कर 15 दिनों के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
दोपहर बाद मुंडेट गांव के रविदास मंदिर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने नाली, खड़ंजा, पेंशन और भूमि संबंधी समस्याएं रखीं। उपाध्यक्ष ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविरों को केवल औपचारिकता न बनाया जाए, बल्कि प्रत्येक शिकायत का समाधान कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। बहुउद्देशीय शिविर इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर सभी विभागों की सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
शिविर के दौरान कई पात्र लाभार्थियों के पेंशन, आयुष्मान कार्ड और छात्रवृत्ति संबंधी आवेदन भी मौके पर भरवाए गए। कार्यक्रम में नगर पंचायत रामपुर के जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।













