हरिद्वार के गोविंदपुरी क्षेत्र में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आर्य नगर की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने की। बैठक में कांग्रेस पार्टी की नीतियों, संगठन की मजबूती और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान कई नए लोगों ने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग तथा ब्लॉक अध्यक्ष रचना शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रही है और भविष्य में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार जनता के बीच रहना होगा।
बैठक में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर और पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष संतोष चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में प्रत्येक कांग्रेसी कार्यकर्ता को एसआईआर को लेकर जागरूक रहना होगा तथा लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना होगा।
वहीं जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस अंजू मिश्रा और पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू द्विवेदी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को यह संकल्प लेना होगा कि एसआईआर प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रह सके।
बैठक को संबोधित करते हुए पार्षद विवेक भूषण विक्की और प्रदेश महासचिव महिला कांग्रेस शशि झा ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से हर वर्ग परेशान है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि जनता आगामी 2027 के चुनाव में इसका जवाब देगी।
बैठक के दौरान काजल शर्मा और दीपा अहलूवालिया ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में बृजमोहन बड़थ्वाल, मीनाक्षी शर्मा, सुमन सिंघल, उमा सुखीजा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।













