मानसून से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में सभी विभागों को समयबद्ध रूप से आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव रोकने, नालों की सफाई, राहत केंद्रों की तैयारी, आपदा उपकरणों को सक्रिय रखने तथा पेयजल, स्वास्थ्य एवं बिजली सेवाएं सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया। कांवड़ मेले और संभावित आपदा को देखते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं पुलिस को संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
अपर रोड के सीवरेज कार्य 15 जून तक पूरे करने के निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपर रोड पर चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को 15 जून तक सभी कार्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण सामग्री और मलबा तत्काल हटाने तथा चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। गंगा दशहरा को देखते हुए अतिक्रमण हटाने और मनसा देवी व चंडी देवी मंदिर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कैंटीन और ढाबों का किया निरीक्षण

हरिद्वार। चारधाम यात्रा-2026 को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मां चंडी देवी मंदिर परिसर और भूपतवाला क्षेत्र में कैंटीन, ढाबों और होटलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों और तेल के नमूने जांच के लिए भेजे गए। बिना फूड लाइसेंस संचालित एक कैंटीन को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने सभी संचालकों को स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और कूड़ा निस्तारण संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
विशेष लोक अदालत का आयोजन 21 अगस्त से

हरिद्वार। समाधान समारोह-2026 के तहत 21, 22 और 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित जनपद के 54 मामलों को निस्तारण के लिए चिन्हित किया गया है। मध्यस्थ अधिवक्ताओं को आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों के निपटारे के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
कुम्भ-2027 के लिए शुरू होगा “हरित हरिद्वार अभियान”

हरिद्वार। कुम्भ मेला-2027 को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के उद्देश्य से मेला प्रशासन और हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण के सहयोग से “हरित हरिद्वार अभियान” चलाया जाएगा। अभियान के तहत मानसून सत्र में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने बताया कि अभियान में आमजन, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।













