कुंभ मेला कार्यों का औचक निरीक्षण

Listen to this article

कुंभ मेला-2027: मेलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, मौके से लिए निर्माण सामग्री के सैंपल

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए मेला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। बुधवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मौके पर ही सील कराए गए सैंपल

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी सबसे पहले सीसीआर-2 भवन पहुंचीं और कार्यदायी संस्था को निर्धारित टाइमलाइन के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने गंगनहर के बाएं तट पर शहीद भगत सिंह घाट से सिंहद्वार के बीच बन रहे नए घाट तथा नगर निगम घाट का निरीक्षण किया। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने मौके पर ही निर्माण में इस्तेमाल हो रही ईंट, सीमेंट, स्टील, कंक्रीट और आरसीसी दीवार के टुकड़े के नमूने (सैंपल) एकत्र करवाए, जिन्हें तृतीय पक्ष (थर्ड पार्टी) जांच के लिए भेजा जाएगा।

​इस अवसर पर तकनीकी सेल के अधीक्षण अभियंता डी.पी. सिंह, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीन कुश सहित सिंचाई और पेयजल निगम के कई आला अधिकारी मौजूद रहे।