हरिद्वार में गरजा प्रशासन का पीला पंजा, ललतारौ पुल से लक्सर-कलियर तक हटाए गए सैकड़ों अतिक्रमण
हरिद्वार। मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के मार्गदर्शन में बुधवार को पूरे जनपद में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने ललतारौ पुल से अपर रोड तक नाली और सड़कों पर किए गए 80 से अधिक अस्थाई अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने हंगामा कर रुकावट डालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उनकी एक न चली।
विभिन्न क्षेत्रों में हुई कार्रवाई:
- कलियर से धनोरी: संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के नेतृत्व में यूपी सिंचाई विभाग की भूमि से 200 से अधिक अवैध रेहड़ी, ठेली और खोखे हटाए गए, जबकि 3 स्थाई निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
- लक्सर बाजार: उप जिलाधिकारी अनिल शुक्ला की टीम ने फुटपाथ और नालियों से अतिक्रमण हटाया और नियमों का उल्लंघन करने वाले 5 लोगों के चालान काटे।
- भगवानपुर: उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी करवाकर अतिक्रमणकारियों को स्वयं कब्जा हटाने की चेतावनी दी है, ऐसा न करने पर कल से बुल्डोजर की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने पर सामान जब्त करने के साथ-साथ विधिक कार्रवाई (एफआईआर) भी की जाएगी।












