हरिद्वार में बनेगा राज्य का पहला ‘प्लेस ऑफ सेफ्टी’
हरिद्वार के रोशनाबाद में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने ₹555.15 लाख की लागत से बनने वाले उत्तराखंड के पहले अत्याधुनिक ‘प्लेस ऑफ सेफ्टी’ (सुधार केंद्र) का शिलान्यास किया। इसमें गंभीर अपराधों में विचाराधीन 16 से 18 वर्ष के किशोरों को रखा जाएगा ताकि वे सजायाफ्ता अपराधियों के साथ न रहें। मंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि किशोरों को हुनरमंद बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। कार्यक्रम में निदेशक बंशी लाल राणा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
बहादराबाद में ‘सेवा पखवाड़ा’ शिविर संपन्न

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के 5 वर्ष पूरे होने पर बहादराबाद में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में 850 क्षेत्रवासियों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी ली। शिविर में आई 18 समस्याओं में से 10 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति, देशराज कर्णवाल और डॉ. जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
कांवड़ मेले के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी

कांवड़ मेला-2026 को सुव्यवस्थित करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर युद्धस्तर पर तैयारियां जारी हैं। जिलाधिकारी ने सभी कार्य 25 जुलाई तक पूरे करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस टीम ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र (भागीरथी होटल से सीसीआर) में विशेष अभियान चलाकर 35 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए और दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
ई-रिक्शा और ऑटो की ओवरचार्जिंग पर एआरटीओ की कार्रवाई

जिलाधिकारी के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग ने यात्रियों के रूप में ई-रिक्शा और ऑटो में बैठकर ओवरचार्जिंग की जांच की। इस दौरान भेल फाउंड्री गेट से विकास भवन (8 किमी) के लिए ₹96 के तय किराए की जगह ₹200 वसूलने वाले ई-रिक्शा को सीज़ किया गया। टीटीओ श्रीमती वरुणा सैनी के नेतृत्व में चले इस अभियान में कुल 25 वाहनों के चालान किए गए और गंभीर अनियमितता मिलने पर 5 वाहनों को सीज़ किया गया।
जिलाधिकारी ने की कांवड़ मेले की समीक्षा बैठक

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय बैठक हुई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग को ढाबों-होटलों में रेट लिस्ट चस्पा कराने और सिंचाई विभाग को सड़कों के गड्ढे भरने, झाड़ियों की छंटाई करने तथा घाटों व सुरक्षा चेन की मरम्मत तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। बैठक में सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।













