हरिद्वार में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने खड़खड़ी स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने करीब 5,000 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक ज़ब्त की है। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर गोदाम संचालक नानक चंद पर ₹1 लाख का भारी-भरकम जुर्माना भी लगाया गया है।
नगर निगम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में छोटे विक्रेताओं को खड़खड़ी स्थित इस गोदाम से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित प्लास्टिक की आपूर्ति की जा रही थी। यही प्लास्टिक गंगा स्नान, पर्व स्नान और अन्य आयोजनों के दौरान घाटों पर जमा होकर पर्यावरण प्रदूषण और कचरे का प्रमुख कारण बनती थी, जिससे पतित पावनी गंगा की स्वच्छता को भी नुकसान पहुंच रहा था।
इन शिकायतों और पुख्ता सूचनाओं के आधार पर नगर निगम ने गोदाम पर गोपनीय निगरानी रखी हुई थी। मंगलवार को सटीक जानकारी मिलने पर नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बैरागी धर्मशाला के सामने स्थित इस गोदाम पर अचानक छापा मारकर भारी मात्रा में सिंगल यूज़ प्लास्टिक बरामद की, जिसे मौके पर ही सील और ज़ब्त कर लिया गया।
यह पूरी कार्रवाई नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आगे भी इसी तरह का सघन अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध भविष्य में और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस बड़ी छापेमारी के दौरान मौके पर उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार और उप निरीक्षक नवीन नेगी सहित नगर निगम, तहसील प्रशासन व पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।













