हरिद्वार-देहरादून से नैनीताल तक: 13 अगस्त तक दावे-आपत्तियां, दलित युवाओं को प्रशिक्षण और योजनाएं समय पर पूरी करने का आयुक्त ने दिया निर्देश

Listen to this article


मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित, 13 अगस्त तक होंगे दावे-आपत्तियां

हरिद्वार। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत जनपद की मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित कर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दिया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक नए मतदाता प्रपत्र-6 के माध्यम से नाम जुड़वा सकते हैं तथा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन भी कराया जा सकेगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग की अपील की।

465 दलित युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार और कौशल प्रशिक्षण


देहरादून। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत 124.94 लाख रुपये की जिला कार्ययोजना को मंजूरी मिल गई है। योजना के अंतर्गत 175 युवाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता तथा 290 युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने बताया कि अंतिम स्वीकृति के बाद पात्र लाभार्थियों का चयन कर योजना का लाभ शीघ्र दिया जाएगा।

मतदाता सूची संशोधन अभियान 13 अगस्त तक
देहरादून। फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावली के प्रारूप प्रकाशन के बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम सत्यापित कर आवश्यक संशोधन कराने की अपील की।

230 करोड़ की परियोजनाएं समय पर पूरी करने के निर्देश


हल्द्वानी। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने यूयूएसडीए की 230 करोड़ रुपये की सड़क एवं ड्रेनेज परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने और समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। देरी पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी भी दी।

मतदाता सूची में 1.88 लाख संभावित विसंगतियां चिन्हित


नैनीताल। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत नैनीताल जिले की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि सूची में लगभग 1.88 लाख संभावित विसंगतियां चिन्हित हुई हैं, जिनकी जांच कर नोटिस जारी किए जाएंगे। नागरिक 14 जुलाई से निर्धारित अवधि तक फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।