हरिद्वार हलचल: कावड़ पटरी का निरीक्षण, मावा प्रतिष्ठान सील, अवैध कब्जो पर कारवाई और भूपतवाला में अतिक्रमण हटाया

Listen to this article

जिलाधिकारी व एसएसपी ने किया कांवड़ पटरी मार्ग का निरीक्षण, 25 जुलाई तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को शंकराचार्य चौक से रुड़की तक कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन घाटों के पास बैरिकेडिंग करने, जलभराव वाले स्थानों का स्थायी समाधान ढूंढने और झाड़ियों की कटाई करने के निर्देश दिए। सभी संबंधित विभागों को कांवड़ मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर हाल में 25 जुलाई तक पूर्ण करने की समय-सीमा दी गई है।

लक्सर में अवैध मावा निर्माण इकाइयों पर छापा, दो प्रतिष्ठान सील

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने लक्सर के खरंजा कुतुबपुर में अवैध मावा निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। जांच में कुरबान और इलियास नामक व्यक्ति बिना फूड लाइसेंस के मावा निर्माण व दूध बिक्री का कार्य करते पाए गए। नियमों का उल्लंघन होने पर दोनों इकाइयों को बंद करने का नोटिस जारी कर सील कर दिया गया है। टीम ने प्रयोगशाला जांच के लिए दूध के 3 नमूने लिए हैं और मालिकों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

यूपी सिंचाई विभाग की आवासीय कॉलोनी का औचक निरीक्षण, अवैध कब्जाधारकों पर कार्रवाई के निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी के साथ उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की आवासीय कॉलोनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कॉलोनी में कई ऐसे लोग और सेवानिवृत्त कर्मचारी अवैध रूप से रह रहे हैं, जिनका वर्तमान में विभाग से कोई संबंध नहीं है। जिलाधिकारी ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता को अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और परिसर से अतिक्रमण तत्काल हटाने के कड़े निर्देश दिए हैं।

चांदपुर में सीएसआर सहयोग से नवीनीकृत आंगनवाड़ी केंद्र का लोकार्पण

हरिद्वार। पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान के सहयोग से ग्राम पंचायत चांदपुर में नवीनीकृत आंगनवाड़ी केंद्र का लोकार्पण कर उसे महिला एवं बाल विकास विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदौरिया थे। इस सीएसआर (CSR) पहल के तहत भवन की मरम्मत, बाल-अनुकूल आकर्षक पेंटिंग और बुनियादी सुविधाओं का विकास किया गया है, ताकि बच्चों को सीखने और खेलने के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।

आगामी कांवड़ मेले के दृष्टिगत भूपतवाला से पुराना एआरटीओ चौक तक हटा कबाड़ व अतिक्रमण

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने भूपतवाला से लेकर पुराना एआरटीओ चौक तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से लगाए गए लगभग 30 खोखे, फड़, ठेली और झुग्गी-झोपड़ियों को हटाया गया।

मनसा देवी मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान, 1.5 टन सूखा कचरा हटाया

हरिद्वार। ‘स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार’ अभियान के तहत मनसा देवी मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान का तीसरा दिन संपन्न हुआ। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चले इस अभियान में वन विभाग (राजाजी टाइगर रिजर्व), मंदिर समिति और उषा ब्रेका कंपनी के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। पैदल व सीढ़ी मार्ग से लगभग 1.5 टन सूखा व प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर नगर निगम के माध्यम से निस्तारित किया गया। इसके साथ ही कचरा मुक्त किए गए स्थानों पर हरित हरिद्वार अभियान के तहत औषधीय और छायादार पौधे भी रोपित किए गए।

रुड़की में ‘सेवा पखवाड़ा शिविर’ का आयोजन, 2318 लोगों ने लिया सरकारी योजनाओं का लाभ

हरिद्वार। प्रदेश सरकार के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रुड़की विकासखंड सभागार में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में राज्यमंत्री नितिन गौतम, श्यामवीर सैनी, देशराज कर्णवाल और शोभाराम प्रजापति सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। शिविर में पहुंचे 2318 क्षेत्रवासियों को विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान प्राप्त हुए 51 आवेदनों का मौके पर ही शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया और स्वास्थ्य शिविर लगाकर निःशुल्क दवाइयां भी बांटी गईं।