हरेला पर हरिद्वार में 30 हजार पौधरोपण

हरिद्वार। लोकपर्व हरेला पर जनपद में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। पर्यटन मंत्री एवं प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने नगर वन देवपुरा में रुद्राक्ष का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्रत्येक परिवार से प्रतिवर्ष एक पौधा लगाने का आह्वान किया। जनपद में 30 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया।
आरटीओ कार्यालय में 200 से अधिक पौधे लगाए

हरिद्वार। हरेला पर्व के अवसर पर जिलाधिकारी के निर्देश पर संभागीय परिवहन कार्यालय एवं ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक परिसर में 200 से अधिक फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। एआरटीओ निखिल शर्मा व नेहा झा के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधरोपण किया। सभी ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कश्यप घाट पर स्वच्छता और पौधरोपण अभियान

हरिद्वार। हरेला पर्व पर ऋषिकुल चौक स्थित कश्यप घाट में स्वच्छता, गाजर घास उन्मूलन और पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 37 कट्टे सूखा कचरा एकत्र कर नगर निगम को सौंपा गया। ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत फलदार पौधे लगाए गए और स्थानीय दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कांवड़ पटरी मार्ग का निरीक्षण

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण, साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और बैरिकेडिंग व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को सभी कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक संख्या में कांवड़ यात्रियों के आने की संभावना को देखते हुए विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।
हरेला पर 30 हजार पौधों का रोपण, 15 हजार लोगों ने ली संरक्षण की जिम्मेदारी

हरिद्वार। हरेला पर्व पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय परिसर में पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद में 30 हजार पौधे लगाए गए। ‘हरित हरिद्वार’ अभियान के तहत 15 हजार नागरिक ‘हरित हरिद्वार’ ऐप पर पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी ले चुके हैं। जिलाधिकारी ने पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। :::













