झण्डा चौक सुधार योजना पर स्थानीय हितधारकों से बनी सहमति
हरिद्वार। आगामी कुम्भ मेले की तैयारियों के तहत कनखल स्थित ऐतिहासिक झण्डा चौक के सुधार एवं सौंदर्यीकरण की योजना पर मेला प्रशासन और स्थानीय हितधारकों के बीच सहमति बनी। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर स्थानीय नागरिकों व जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए। योजना के तहत चौराहे का चौड़ीकरण, पैदल यात्रियों की सुविधाएं, यातायात प्रबंधन एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। ऐतिहासिक ध्वज स्तंभ को चौराहे के केंद्र में स्थापित करने पर भी सहमति बनी। इसके बाद अपर मेलाधिकारी ने श्रीयंत्र टापू क्षेत्र में निर्माण कार्यों की समीक्षा कर मायापुर स्केप चैनल पर निर्माणाधीन पुल का कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने भगवानपुर तहसील कार्यालय का किया निरीक्षण

हरिद्वार। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने शनिवार को भगवानपुर तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि फरियादियों को अनावश्यक परेशान न किया जाए और उनकी शिकायतों का तत्परता से समाधान हो। उन्होंने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण रोकने तथा मानसून के दौरान आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने चंडी देवी मंदिर मार्ग की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले के दृष्टिगत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मां चंडी देवी मंदिर परिसर एवं पैदल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण न होने देने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
पंतद्वीप पार्किंग में गंदगी और अतिक्रमण पर एक लाख रुपये जुर्माने के निर्देश

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बैरागी कैंप, दक्ष द्वीप और पंतद्वीप पार्किंग का निरीक्षण किया। पंतद्वीप में सफाई व्यवस्था खराब मिलने और निर्धारित सीमा से अधिक दुकानें लगाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कांट्रेक्टर पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही के लिए 50 हजार तथा अतिक्रमण के लिए 50 हजार रुपये, कुल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। सभी कांवड़ मेला व्यवस्थाएं 25 जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
एचआरडीए ने ज्वालापुर में अवैध निर्माण सील किए

हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की टीम ने ज्वालापुर क्षेत्र में दो अवैध निर्माणों को सील कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार बाबर कॉलोनी, ईदगाह रोड के निकट बिना स्वीकृति निर्माण कार्य किए जा रहे थे। पूर्व में निर्देश दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने निर्माणकर्ताओं को बिना स्वीकृति निर्माण न करने के निर्देश दिए हैं।
आरटीओ में शुरू हुआ ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट, क्यूआर स्कैन से मिलेगी जानकारी
हरिद्वार। संभागीय परिवहन कार्यालय हरिद्वार में आमजन की सुविधा के लिए ‘ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट’ सेवा शुरू की गई है। कार्यालय में लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर नागरिक ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, टैक्स, परमिट, फिटनेस और ग्रीन कार्ड जैसी सेवाओं की प्रक्रिया, दस्तावेज एवं शुल्क की जानकारी मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे। कार्यालय में लाइव टोकन डिस्प्ले सिस्टम भी शुरू किया गया है। एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा ने इसे परिवहन सेवाओं को सरल एवं डिजिटल बनाने की महत्वपूर्ण पहल बताया।
कांवड़ यात्रा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 53 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने शनिवार को नगर क्षेत्र और राष्ट्रीय राजमार्गों पर 53 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान होटल, ढाबे, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की जांच की गई। खाद्य पंजीकरण एवं स्वच्छता मानकों में कमी मिलने पर कई कारोबारियों को नोटिस जारी कर सात दिन में सुधार के निर्देश दिए गए। खुली हल्दी और अचार के दो नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से एफएसएसएआई के नियमों का पालन करने की अपील की है।













