कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने किया श्रीराम कथा का श्रवण, कहा- कथा से होते हैं राम मंदिर के दर्शन

Listen to this article

हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के भोपतवाला दुधाधारी चौक स्थित घनश्याम भवन में चल रही श्री राम कथा के चौथे दिन भगवान श्री राम के जन्मोत्सव का प्रसंग धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कथा स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान से श्रीराम कथा का श्रवण किया। कथा व्यास आचार्य करूणेश मिश्र ने इस दौरान श्रीराम के जीवन से जुड़े जनकल्याण के विभिन्न प्रेरक प्रसंगों को श्रद्धालुओं के सम्मुख रखा।

​कार्यक्रम के दौरान घनश्याम भवन के पीठाधीश्वर महंत किशन दास महाराज ने कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का पगड़ी, पुष्पमाला व पटका पहनाकर आत्मीय स्वागत किया और आशीर्वाद प्रदान किया। मंत्री मदन कौशिक ने श्री रामायण कथा ग्रंथ की पूजा-अर्चना की और आचार्य करूणेश मिश्र को माला पहनाकर उनका भी आशीर्वाद लिया।

​इस अवसर पर मदन कौशिक ने कहा कि राम कथा के श्रवण से साक्षात राम मंदिर के दर्शन की अनुभूति हो जाती है। उन्होंने आचार्य करूणेश मिश्र की कथा वाचन शैली को अद्भुत और अलौकिक बताया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष एडवोकेट वीरेंद्र तिवारी, पूर्व मंडल महामंत्री तरुण नैयर, पार्षद विनीत शर्मा, देवेश महंगाई, महामंडलेश्वर श्याम दास, पंचमुखी हनुमान मंदिर के गणेश दास महाराज, अमर दास महाराज और घनश्याम भवन के अधिकारी प्रेम नारायण दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।