पंतद्वीप पार्किंग से हटा अवैध अतिक्रमण, कांवड़ मेले को लेकर प्रशासन सख्त
हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को सुगम, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के अनुपालन में प्रशासन, सिंचाई विभाग और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पंतद्वीप पार्किंग क्षेत्र में एक बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के तहत क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता खुशवंत सिंह चौहान ने बताया कि गत दिवस जिलाधिकारी द्वारा पंतद्वीप पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अवैध अतिक्रमण को तुरंत हटाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में रविवार को संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से स्थापित किए गए ढांचों को हटाने की कार्रवाई शुरू की, जिसमें लगभग 30 दुकानें और ढाबे हटाए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा ताकि मेला क्षेत्र पूरी तरह से साफ और सुरक्षित रहे और श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।
हरिद्वार में कांवड़ मेले की तैयारियां तेज, धरातल पर युद्धस्तर पर जारी है कार्य

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुव्यवस्थित, सुगम एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और सभी संबंधित विभागों ने अपनी कमर कस ली है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित विभागों को मेला क्षेत्र से जुड़ी सभी तैयारियां एवं व्यवस्थाएं हर हाल में 25 जुलाई तक पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के बाद कांवड़ पटरी मार्ग एवं पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी महेश बिश्नोई ने अवगत कराया कि जिला पंचायत द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान के साथ-साथ स्थाई एवं अस्थाई शौचालयों का मरम्मत कार्य त्वरित गति से किया जा रहा है। वहीं, सिंचाई विभाग द्वारा बैरागी कैंप एवं अलकनंदा पार्किंग में झाड़ी कटान का कार्य और जे सी बी के माध्यम से पार्किंग व्यवस्था के लिए समतलीकरण का कार्य तेजी से जारी है।
इसके साथ ही, जल निगम द्वारा बैरागी कैंप में शिव भक्तों के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने हेतु पाइपलाइन बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई (गंगा) उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा सीवरेज के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, जिसके तहत फेस-1 में 244 मीटर तथा फेस-2 में बीते कल एक ही दिन में 137 मीटर कार्य पूरा किया गया है।
मौसम विभाग का रेड अलर्ट: हरिद्वार में कल होने वाला ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम स्थगित

हरिद्वार। मौसम विभाग द्वारा हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों के लिए भारी बारिश का अनुमान जताते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग की इस गंभीर चेतावनी और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वाेपरि रखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। इसके तहत कल, सोमवार (20 जुलाई) को जिला मुख्यालय/कलेक्टर सभागार में आयोजित होने वाले साप्ताहिक जनता मिलन/जन सुनवाई कार्यक्रम को स्थगित (निरस्त) कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी जनपद वासियों से अपील की है कि वे भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए अनावश्यक यात्राओं से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। उन्होंने किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति या आपदा की सूचना तुरंत जिला आपदा प्रबंधन तंत्र को देने का आग्रह किया है ताकि समय रहते आवश्यक मदद पहुंचाई जा सके।
मानसिक शांति ही स्वस्थ समाज की आधारशिला: डॉ. चिन्मय पंड्या

हरिद्वार। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में उत्तराखंड यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के लिए आयोजित दो दिवसीय तनाव प्रबंधन शिविर का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को मानसिक तनाव से मुक्ति दिलाना, उनके व्यक्तित्व में निखार लाना और सकारात्मक जीवन दृष्टि विकसित करना था। दो दिनों तक चले इस शिविर में पुलिसकर्मियों को विभिन्न सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिए गए।
शिविर के समापन सत्र को संबोधित करते हुए देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि आंतरिक संतुलन, मानसिक शांति और सकारात्मक चिंतन ही प्रभावी कार्यक्षमता तथा एक स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज की सेवा के साथ-साथ अपने मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य का संरक्षण करना भी प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। प्रतिकुलपति ने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के जीवन-दर्शन का उल्लेख करते हुए सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
इससे पूर्व शांतिकुंज के व्यवस्थापक योगेंद्र गिरि ने कहा कि मनुष्य जीवन ईश्वर की सर्वाेत्तम कृति है, इसलिए अपने स्वास्थ्य की रक्षा स्वयं का दायित्व है और समाज में किसी भी सकारात्मक बदलाव की शुरुआत खुद से होती है। शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा तनाव प्रबंधन, योग, प्राणायाम, ध्यान, व्यक्तित्व विकास और सकारात्मक जीवनशैली जैसे विषयों पर व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए।
प्रतिभागियों ने देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कर वहां की शांति का अनुभव भी साझा किया। यातायात विभाग के अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने, कार्यकुशलता बढ़ाने और जनसेवा की गुणवत्ता में सुधार लाने में बेहद सहायक सिद्ध होंगे













