कांवड़ मेला 2026: हरिद्वार मेला क्षेत्र 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित, मजिस्ट्रेट तैनात

Listen to this article

हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संपूर्ण मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती कर दी है। जारी आदेश के तहत सभी तैनात सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की आवश्यक सुविधाओं पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

​जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी अपने आवंटित क्षेत्रों में पेयजल, बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पार्किंग, प्रकाश, यातायात, घाटों की व्यवस्था और कांवड़ मार्गों की स्थिति का नियमित निरीक्षण करेंगे। किसी भी आपात स्थिति या समस्या की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर त्वरित समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही, अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीनता और संवेदनशीलता से व्यवहार करने, नियंत्रण कक्ष से मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने और पुलिस विभाग के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की हिदायत दी गई है।

​मेले के कुशल प्रबंधन के लिए 18 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इनमें नगर आयुक्त नन्दन कुमार को हर की पैड़ी, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती को अपर रोड, अपर जिलाधिकारी योगेश मेहरा को मनसा देवी, सचिव एचआरडीए प्रत्यूष सिंह को खड़खड़ी, अपर मेलाधिकारी मनजीत सिंह को सप्तऋषि 1 बॉर्डर से पंतद्वीप, संयुक्त आयुक्त राज्यकर नीरज कुमार को हाईवे प्रथम और डिप्टी कलेक्टर आकाश जोशी को रोड़ीबेलवाला क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।

​इसी क्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुंवर को हाईवे द्वितीय, जिला विकास अधिकारी कमलेश पंत को सिंहद्वार से पतंजलि योगपीठ, जिला होम्योपैथी चिकित्साधिकारी डॉ. विकास ठाकुर को पतंजलि योगपीठ से अब्दुल कलाम चौक, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डी.पी. सिंह को मंगलौर, उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी को कलियर/भगवानपुर, नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल को रुड़की/गंगनहर, उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला को लक्सर क्षेत्र, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी को बीएचईएल क्षेत्र, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. स्वास्तिक को धनौरी नहर पटरी, अधीक्षण अभियंता विद्युत प्रदीप कुमार को बैरागी कैंप तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.सी. जोशी को गंगापार क्षेत्र का सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। शेष 40 जोन और 141 सेक्टरों में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है।

​जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ मेला प्रदेश का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। देश भर से आने वाले करोड़ों शिवभक्त कांवड़ियों को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल देना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए सभी अधिकारी टीम भावना, संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें।