डीएम और एसएसपी ने साझा किया कांवड़ मेले का एक्शन प्लान, पहली बार सोशल मीडिया पर तैनात होंगे साइबर कमांडो
हरिद्वार के प्रेस क्लब में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ मेला व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई, जिसके बाद प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने अधिकारियों का बुके और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। संवाद के दौरान अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि कांवड़ मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह तैयार है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेला शुरू हो चुका है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों पर जारी निर्माण कार्य और आगामी कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और 15 अगस्त तक मेला अवधि के दौरान प्रशासन सतर्क रहेगा। मेले के मद्देनजर 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है, जिस दौरान विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित होंगी। इसके अलावा कुंभ से पहले प्रमुख क्षेत्रों और भीमगोड़ा क्षेत्र से सभी अस्थायी अतिक्रमण हटाए जाएंगे।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को कांवड़ यात्रा से अलग रखा गया है, जबकि श्रद्धालु मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे का उपयोग करेंगे। डीजे वाहनों के लिए निर्धारित मापदंड तय किए गए हैं और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेले की सुरक्षा में सबसे अहम पहल साइबर कमांडो की तैनाती है, जो सोशल मीडिया पर भ्रामक और फर्जी वीडियो पर नजर रखेंगे। सामान्य भ्रामक वीडियो को 36 घंटे और एआई-जनरेटेड फर्जी वीडियो को 3 घंटे के भीतर हटाने की व्यवस्था की गई है। मेले के लिए अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकारों ने ट्रैफिक, सुरक्षा और अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि डीएम और एसएसपी के व्यापक अनुभव का लाभ कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता दोनों को मिलेगा। अंत में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा डीएम, एसएसपी और जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह को शंख, रुद्राक्ष माला, स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिले के बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार बालकृष्ण शास्त्री, कुणाल दरगन, शैलेंद्र गोदियाल, सागर जोशी, तनवीर अली, रूपेश वालिया, जोगेंद्र मावी, शिप्रा अग्रवाल, दीपक नौटियाल, सुनीलदत्त पांडे, गुलशन नैयर, श्रवण झा, काशीराम सैनी, विकास चौहान, संजीव शर्मा, रामेश्वर गौड़, संदीप शर्मा, अमित शर्मा, मुकेश वर्मा, जोगिंदर मावी, राधिका नागरथ, संजय रावल, आशीष मिश्रा, प्रदीप जोशी, नीलम सैनी, प्रतिभा वर्मा, मनोज रावत, परमजीत राणा, मयूर सैनी, रूपेश वालिया, कुलभूषण शर्मा, वैभव भाटिया, सुमित यशकल्याण, सचिन, पुलकित शुक्ला, राजकुमार पाल, शिवांग अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद














