पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित संस्था ‘भारतीय वृक्ष न्यास’ (Tree Trust of India) के अध्यक्ष एवं ‘ग्रीनमैन’ के नाम से चर्चित हरितऋषि डॉ. विजयपाल बघेल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक अनूठी पहल की माँग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजकर आगामी 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ अनिवार्य रूप से राष्ट्रीय वृक्ष ‘बरगद’ का रोपण करने और इस संदेश को पूरे देश में प्रसारित करने का अनुरोध किया है।
अपने ‘सचल हरित सत्याग्रह’ के तहत डॉ. बघेल ने ‘जनक्रांति से हरितक्रांति’ लाने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व के साथ राष्ट्रीय वृक्ष रोपने का यह नवाचार देशवासियों को ‘एक पेड़ भारत माता के नाम’ लगाने की प्रेरणा देगा। उनका मानना है कि जलवायु परिवर्तन और वैश्विक तापमान वृद्धि जैसी गंभीर पर्यावरणीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान के लिए यह कदम बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। ध्वजारोहण के साथ बरगद का रोपण कर देश में “बरगद क्रांति” का अलख जगाने की माँग की गई है, जिससे “हरित भारत-हर्षित भारत” का सपना साकार हो सके।













