हरिद्वार। पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में व्यापक प्रबंध किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग समेत कुल 32 स्थानों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए गए हैं, जहाँ यात्रा के दौरान बीमार पड़ने या चोटिल होने वाले श्रद्धालुओं का तत्काल निशुल्क इलाज किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा के पहले ही दिन विभिन्न शिविरों के माध्यम से 446 शिवभक्तों को निशुल्क स्वास्थ्य उपचार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीमें श्रद्धालुओं की सेवा के लिए 24 घंटे तैनात हैं। सभी शिविरों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयाँ, आवश्यक चिकित्सा उपकरण, एम्बुलेंस और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित की गई है।
सीएमओ डॉ. आर. के. सिंह ने कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान नियमित रूप से पानी पीते रहें, समय-समय पर विश्राम करें और किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी शिविर में जाकर डॉक्टरी सलाह लें। जनपद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम स्वास्थ्य सेवाएँ देने के लिए लगातार प्रयासरत है।













