हाथी का तांडव: हरिद्वार में युवक को सूंड में उठाकर पटका, दर्दनाक मौत

Listen to this article

हरिद्वार : श्यामपुर रेंज के कांसवाली बीट क्षेत्र में गुरुवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान स्थानीय गुर्जर बस्ती निवासी एहसान (पुत्र युसूफ) के रूप में हुई है।

​जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे एहसान घास लेने के लिए आरक्षित वन क्षेत्र में गया था। उसी दौरान वहां मौजूद एक जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने उसे सूंड से उठाकर कई बार पटका, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

​घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और श्यामपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि विभाग की टीम घटनास्थल के फोटो, जीपीएस लोकेशन और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सहित सभी आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में हाथी की मौजूदगी के स्पष्ट साक्ष्य मिले हैं।

​सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग ने घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और बिना आवश्यकता आरक्षित वन क्षेत्र में प्रवेश न करें। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।