एक साथी को बचाने में गई तीन और की जान, हरिद्वार गंगनहर में चार कांवड़ियों की जल समाधि

Listen to this article

हरिद्वार में ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में चार कांवड़ियों की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। सभी मृतक चंडीगढ़ के निवासी थे और उनकी उम्र करीब 16 से 18 वर्ष थी।

​जानकारी के अनुसार, जटवाड़ा पुल के पास स्नान करते समय एक कांवड़िया गहरे गड्ढे में फंसकर डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में उसके तीन साथी भी पानी में उतर गए, लेकिन गहराई का सही अंदाजा न होने के कारण चारों गंगनहर में बह गए। बताया जा रहा है कि सिल्ट सफाई के कारण जलस्तर कम था, जिससे श्रद्धालु नहर की मुख्य धारा तक चले गए थे और यह दुर्घटना हो गई।

​सूचना मिलने पर पहुंची जल पुलिस और स्थानीय राहत-बचाव दल ने रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों के शव बरामद कर लिए। एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस-प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल सुरक्षित और निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें।