कांवड़ यात्रा: 9वें दिन 44.38 लाख शिवभक्त रवाना, आंकड़ा 2.64 करोड़ पार
कांवड़ मेला-2026 के नौवें दिन हरिद्वार में शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार, 9वें दिन 44 लाख 38 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया। यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 2 करोड़ 64 लाख 8 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर रवाना हो चुके हैं। जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
मेला क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, खराब खाद्य सामग्री नष्ट

जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में बैरागी कैंप, रोड़ीबेलवाला और हर की पौड़ी क्षेत्रों में 35 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। टीम ने जांच के लिए 9 नमूने प्रयोगशाला भेजे। अस्वच्छता और एक्सपायरी के कारण 100 बंद/कुलचे, 5 किलो मसाले और 2 लीटर कोल्ड्रिंक नष्ट कराई गई, जबकि 2 कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया।
डीएम मयूर दीक्षित ने किया एसआईआर प्रक्रिया का निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 वैध अभिलेखों में से कोई एक प्रस्तुत करने पर किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं काटा जाएगा।
नगर आयुक्त ने किया कांवड़ मार्ग और प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण

नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार ने जटवाड़ा पुल, ज्वालापुर कांवड़ पटरी, बैरागी क्षेत्र और रोड़ीबेलवाला का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई और कूड़ा उठान व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे मेला क्षेत्र में 24 घंटे स्वच्छता बनी रहे और कूड़े का समयबद्ध उठान सुनिश्चित किया जाए।
विकास भवन के शौचालयों का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने विकास भवन स्थित शौचालयों की साफ-सफाई और सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय की गाइडलाइन का पूर्ण पालन किया जाए और स्वच्छता में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
कांवड़ मेले में 32 स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 22 हजार से अधिक शिवभक्तों का उपचार

स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवड़ मार्ग पर 32 स्वास्थ्य शिविर और 05 मेडिकल मोबाइल यूनिट संचालित की जा रही हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि 9वें दिन 22,608 शिवभक्तों का नि:शुल्क उपचार किया गया। यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 1,31,025 श्रद्धालु इन शिविरों से नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श और उपचार प्राप्त कर चुके हैं।
सीसीआर कंट्रोल रूम से कांवड़ यात्रा की लाइव मॉनिटरिंग, आगामी 3 दिन विशेष सतर्कता के निर्देश

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सीसीआर कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से कांवड़ यात्रा मार्ग और पार्किंग स्थलों की लाइव मॉनिटरिंग की। आगामी तीन दिनों में डाक कांवड़ और भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को प्रभावी भीड़ प्रबंधन और यातायात डायवर्जन के सख्त निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों और ट्रैफिक वॉलंटियर ने लौटाया 20 हजार नकद से भरा खोया बैग

हरियाणा निवासी कांवड़िया रोहित गर्ग का 20 हजार रुपये नकद और कीमती सामान से भरा बैग गुम हो गया था। रिक्रूट आरक्षी कुलदीप सिंह, प्रदीप पवार और ट्रैफिक वॉलंटियर अरुण शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए बैग ढूंढकर उसके मालिक को सकुशल सौंप दिया।
कांवड़ मेले की सफलता के लिए संतों ने की मां मनसा देवी की पूजा

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी के संयोजन में कांवड़ मेले के सकुशल संपन्न होने के लिए विशेष पूजा-अर्चना और संत सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पंजाब के सूफी संत शमशेर सिंह लहरी को सम्मानित किया गया। संतों ने सनातन संस्कृति की रक्षा और युवा पीढ़ी में संस्कारों के सिंचन पर बल दिया।
भारी भीड़ के बीच हाईवे प्रबंधन पर पुलिस का विशेष जोर: एसएसपी

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। अगले तीन दिन पैदल और डाक कांवड़ियों की संख्या अधिक रहने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए हाईवे पर यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।













