ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर कड़ा प्रहार: हल्द्वानी संभाग में 967 वाहनों के चालान, 113 सीज

Listen to this article

हल्द्वानी संभाग में 4 से 6 अगस्त तक परिवहन विभाग द्वारा ब्लैक फिल्म और मॉडिफाइड या अनाधिकृत लाइट लगाकर चलने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के तहत कुल 967 वाहनों के चालान किए गए और 113 वाहनों को सीज किया गया। अभियान के दौरान ब्लैक फिल्म लगाने पर 111, अनाधिकृत लाइट लगाने पर 163, गाड़ियों में अल्टरेशन करने पर 20 और अनाधिकृत हूटर लगाने के मामले में 4 वाहनों पर प्रवर्तन कार्रवाई की गई।

​इसके अतिरिक्त, फिटनेस प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करने पर 65, परमिट नियमों के उल्लंघन पर 40, इंश्योरेंस न होने पर 88, प्रदूषण प्रमाण पत्र के अभाव में 69, ड्राइविंग लाइसेंस न होने पर 132, सीट बेल्ट न लगाने पर 47 और बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 286 चालान किए गए। साथ ही यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग के 28, मालवाहकों में ओवरलोडिंग के 49 और अन्य विभिन्न अभियोगों में 512 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

​यह चेकिंग अभियान संभाग के हल्द्वानी, रामनगर, रुद्रपुर, काशीपुर एवं टनकपुर उप संभागों में संचालित किया गया। इसमें हल्द्वानी में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, जगदीश चंद्र व गोविंद; रामनगर में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) पंकज श्रीवास्तव; काशीपुर में एआरटीओ (प्रवर्तन) संदीप वर्मा एवं परिवहन कर अधिकारी नंदन आर्य, सचिन कुमार व अनिल कुमार; रुद्रपुर में परिवहन कर अधिकारी मुकुल अग्रवाल, सुनेजा, तारकेंद्र वैष्णव व आशुतोष डिमरी; तथा टनकपुर उप संभाग में एआरटीओ (प्रवर्तन) मनोज बागोरिया एवं परिवहन कर अधिकारी प्रमोद चौधरी द्वारा कार्रवाई का संचालन किया गया।