जिलाधिकारी ने स्वच्छता व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर कचरा संग्रहण, चार-स्तरीय अपशिष्ट पृथक्करण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी निकायों एवं ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, यूजर चार्ज वसूली, डंप साइटों के समयबद्ध निस्तारण तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
शिवालिक विश्वविद्यालय और आईआईटी पटना के बीच समझौता
देहरादून। शिवालिक विश्वविद्यालय और आईआईटी पटना के बीच शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं तकनीकी विकास के क्षेत्र में सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते से छात्रों, शिक्षकों और शोधार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर सहयोग, कौशल विकास और अनुसंधान के नए अवसर प्राप्त होंगे।
हिमालय संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग में हिमालय दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि हिमालय देश की जल सुरक्षा, जैव विविधता और पारिस्थितिकी संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिमालय संरक्षण की शपथ ली तथा पोस्टर, स्लोगन, भाषण एवं कविता प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
बीएचईएल ने कैगा परियोजना के लिए 700 मेगावाट टीजी स्टेटर भेजा
हरिद्वार। बीएचईएल हरिद्वार ने एनपीसीआईएल की कैगा परियोजना के लिए स्वदेशी तकनीक से निर्मित 700 मेगावाट क्षमता वाले टर्बो जनरेटर स्टेटर को सफलतापूर्वक डिस्पैच किया। अधिकारियों ने इसे परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में बीएचईएल की तकनीकी क्षमता और ‘मेक इन इंडिया’ की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
विद्यार्थी जीवन परिश्रम, संयम और दृढ़ लगन का होता है
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के भेषज विज्ञान विभाग में नवप्रवेशित बी.फार्मा, डी.फार्मा एवं एम.फार्मा विद्यार्थियों का दीक्षारंभ समारोह आयोजित किया गया। डॉ. दीनदयाल ने कहा कि विद्यार्थी जीवन परिश्रम, संयम और दृढ़ लगन से सफलता की मजबूत नींव तैयार करने का समय है।
16 सितंबर तक दस दिवसीय संस्कृत विस्तारिका वर्ग
हरिद्वार। संस्कृत भारती उत्तराञ्चलम् द्वारा अवधूत मंडल आश्रम में 6 से 16 सितंबर तक दस दिवसीय विस्तारिका वर्ग आयोजित किया जा रहा है। देशभर से आई माताएं एवं बहनें प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में संस्कृत एवं संस्कृति ज्ञान प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। हरिद्वार संक्षिप्त
2026-09-09














