PM-RAHAT योजना: सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए वरदान, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

Listen to this article

PM-RAHAT योजना: सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए वरदान, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

​हरिद्वार, 10 सितंबर 2026

​सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले लोगों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार की PM-RAHAT योजना अब हरिद्वार में तेजी से लागू की जा रही है। इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता के बीच इसकी पहुंच बढ़ाने को लेकर हाल ही में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सीसीआर (CCR) में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

​बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, पुलिस और सूचना विभाग को निर्देश दिए कि वे इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके। उन्होंने विशेष जोर देते हुए कहा कि जिले के सभी अस्पतालों में फ्लेक्स और बैनर लगाए जाएं, जिससे दुर्घटना के शिकार लोगों या उनके परिजनों को अस्पताल पहुंचते ही इस कैशलेस योजना की जानकारी मिल सके और वे तुरंत इसका लाभ उठा सकें।

​मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए गए निर्देश

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि जनपद के सभी संबंद्ध अस्पतालों को इसके स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सड़क दुर्घटना का कोई भी पात्र पीड़ित इस कैशलेस उपचार के लाभ से वंचित न रहे।

​आपसी समन्वय से होगा बेहतर क्रियान्वयन

प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को समयबद्ध चिकित्सा सहायता प्रदान करना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और जन-जागरूकता बढ़ाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में घायलों को तुरंत राहत मिल सके।