हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज: मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने किया विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण ​हरिद्वार:

Listen to this article

​हरिद्वार:

उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार पहुंचकर आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ अरबेनिया वाहन में बैठकर रोड़ी-बेलवाला से लेकर रोशनाबाद, कनखल, दक्षद्वीप, बैरागी कैंप और सीसीआर टावर तक विभिन्न निर्माण स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया और चल रहे कार्यों की प्रगति व गुणवत्ता को परखा।

​गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ मेला से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने धीमी गति वाली परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

​प्रमुख परियोजनाओं का निरीक्षण एवं स्वीकृत धनराशि:

  • ​रोड़ी-बेलवाला एवं हरकी पैड़ी क्षेत्र: यूआईआईडीबी की प्रशासनिक मार्ग परियोजना (₹4325.14 लाख) और हरकी पैड़ी रिवाइटलाइजेशन कार्य (₹6677.21 लाख) का निरीक्षण किया। उन्होंने इन परिसंपत्तियों के पांच साल बाद स्थायी रख-रखाव की व्यवस्था अभी से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
  • ​सड़क और चौराहों का नवीनीकरण: ओल्ड दिल्ली-नीतिपास मार्ग, दूधाधारी चौक से ज्वालापुर मार्ग (कुल ₹2164.49 लाख) तथा शिवमूर्ति, शंकर आश्रम व भगत सिंह चौक से विल्केश्वर तक चौराहों के सुधार और पैदल फुटपाथ कार्य (₹683.60 लाख) का जायजा लिया।
  • ​स्वास्थ्य व पुल निर्माण: रोशनाबाद में निर्माणाधीन ड्रग वेयरहाउस (₹251.98 लाख) और दक्षद्वीप बैरागी क्षेत्र में 60 मीटर स्पान के पुल (₹1246.09 लाख) के निर्माण कार्यों की प्रगति परखी।
  • ​सीसीआर-2 भवन: मेला शुरू होने से पहले भवन को तैयार करने के लिए दिन-रात कार्य कराने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

​डाम कोठी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने डाम कोठी में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच एजेंसियों (TUV, क्वालिटी ऑस्ट्रिया, ब्यूरो वेरिटास) के टीम लीडर्स से अब तक की प्रगति की जानकारी ली और सख्ती से गुणवत्ता जांच जारी रखने के निर्देश दिए।

​मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बताया कि सभी कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं और सीसीआर-2 भवन व पुलों की सुरक्षा जांच आईआईटी रुड़की तथा केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (CBRI) से भी कराई जा रही है।

​इस दौरान गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी (कुंभ) डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।