हरिद्वार। कोर विश्वविद्यालय, रुड़की के कॉलेज ऑफ मीडिया स्टडीज के विद्यार्थियों ने प्रेस क्लब हरिद्वार का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा डबास एवं सहायक प्रोफेसर पराग रंजन भी मौजूद रहे।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रेस क्लब के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल से मुलाकात कर पत्रकारिता के विविध पहलुओं पर चर्चा की। साथ ही वरिष्ठ पत्रकार महेश पारीख, बालकृष्ण शास्त्री, श्रवण झा, लव शर्मा और रामचंद्र कनौजिया ने विद्यार्थियों के साथ समाचार संकलन, रिपोर्टिंग तकनीक, तथ्य जुटाने और साक्षात्कार लेने के व्यावहारिक अनुभव साझा किए।
विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा डबास ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने और पत्रकारिता की बारीकियों को समझाने में सहायक होते हैं।











