हरिद्वार (26 अक्टूबर 2026):
कुंभ मेला 2027 को सुरक्षित और निर्विघ्न संपन्न कराने के उद्देश्य से सशस्त्र प्रशिक्षण केंद्र, हरिद्वार में पिछले चार महीनों से जारी प्रशिक्षण अभियान के 13वें चरण का समापन हुआ। उत्तराखंड पुलिस विभाग के निर्देशन और कुंभ मेला पुलिस के संयोजन में चलाए गए इन सभी 13 चरणों में अब तक कुल 3,505 पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य वक्ता इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमैन प्रो. डॉ. नरेश चौधरी ने पुलिसकर्मियों को कुंभ मेला इतिहास, भीड़ नियंत्रण प्रबंधन, अखाड़ों की परंपराओं, पेशवाई, शाही स्नान, अतीत की घटनाओं/जाँच आयोग की रिपोर्टों और स्थानीय नागरिकों व संस्थाओं के साथ परस्पर सामंजस्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक एवं मानसिक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने पिछले चार दशकों के अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि सोशल मीडिया और मीडिया जागरूकता के कारण कुंभ 2027 में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि की संभावना है।
समारोह के समापन पर पुलिस महानिरीक्षक अनंत शंकर ताकवाले तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ मेला) आयुष अग्रवाल ने डॉ. नरेश चौधरी द्वारा सभी 13 चरणों में दी गई विशेष सेवाओं की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद व्यक्त किया। अधिकारियों का मानना है कि इस प्रशिक्षण से पुलिस बल कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार और परिपक्व हुआ है।














