2027 चुनाव की हुंकार: लंढौरा के रंगमहल से चैंपियन का बड़ा ऐलान, खानपुर और लक्सर दोनों सीटों से ठोकी दावेदारी

Listen to this article

 

​हरिद्वार।

​उत्तराखंड में वर्ष 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। खानपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह ‘चैंपियन’ ने लंढौरा स्थित ऐतिहासिक रंगमहल में आयोजित एक विशाल कार्यकर्ता बैठक के दौरान बड़ा चुनावी ऐलान किया है। चैंपियन ने स्पष्ट किया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर खानपुर और लक्सर, दोनों विधानसभा सीटों से अपनी दावेदारी पेश करेंगे। उनके इस बयान के बाद हरिद्वार जिले की सियासत में नई सरगर्मियां शुरू हो गई हैं।

​रंगमहल में जुटी समर्थकों की भारी भीड़

​बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में अपनी दावेदारी को मजबूती से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राजनीतिक सक्रियता को और बढ़ाने की आवश्यकता है। इस दौरान उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाईं और दल्लावाला में कन्या डिग्री कॉलेज की मंजूरी को एक बड़ी उपलब्धि बताया।

​”विकास में पिछड़ा क्षेत्र, भाईचारा मजबूत करना प्राथमिकता”

​चैंपियन ने मौजूदा स्थिति पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि बीते कुछ वर्षों में यह क्षेत्र विकास के मामले में काफी पिछड़ गया है। उन्होंने सामाजिक सौहार्द पर बल देते हुए कहा कि वह सभी वर्गों और समाजों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। विभिन्न समुदायों के लोग आज भी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उनसे उम्मीद लगाए बैठे हैं।

​उन्होंने यह भी साफ किया कि वह पूरी निष्ठा के साथ भाजपा में हैं और पार्टी से ही दोनों सीटों के लिए टिकट मांगेंगे, हालांकि इस पर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व का ही होगा। उनके इस कदम को खानपुर और लक्सर की आगामी चुनावी रणनीति के दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है।