बाइक सवार युवक की फ्लाईओवर से नीचे गिरने से हुई दर्दनाक मौत

Listen to this article

*पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा*

हरिद्वार। बाइक सवार युवक की फ्लाईओवर से नीचे गिरने पर दर्दनाक मौत हो गई। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर प्रेम नगर आश्रम के सामने बुधवार को यह घटना उस समय हुई जब फरीदाबाद हरियाणा निवासी बाइक सवार युवक सड़क पर जा गिरा। पुलिस के अनुसार हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं। तत्काल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से सिटी हॉस्पिटल जे जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार बुधवार को दोपहर बाद करीब साढे तीन बजे बाइक सवार ललित कुमार (25 वर्ष) देहरादून की ओर से बहादराबाद की ओर जा रहा था। वह जैसे ही प्रेम नगर आश्रम के सामने फ्लाईओवर पर पहुंचा तो अचानक बाइक अनियंत्रित हुई और ललित कुमार फ्लाईओवर से नीचे हाईवे पर जा गिरा। उसकी बाइक फ्लाईओवर के पैराफिट पर ही अटक गई। हाईवे पर बने फ्लाईओवर से करीब 40 फीट नीचे सड़क पर गिरने से युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं। युवक का हेलमेट भी कई जगह से टूट गया। युवक के दस्ताने भी सड़क पर ही पड़े थे। घटना स्थल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुची पुलिस 108 की मदद से घायल युवक को सिटी हॉस्पिटल ले गई। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सिटी हॉस्पिटल से युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।