केदारनाथ में राज्यपाल संग डॉ. संतोषानंद देव ने किए दर्शन
हरिद्वार: श्री अवधूत मंडल आश्रम, बाबा हीरादास हनुमान मंदिर के पीठाधीश्वर, महंत महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी संतोषानंद देव महाराज ने उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित व्यक्तित्व राष्ट्र की धरोहर है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्वों का दर्शन, मूल्य और जीवन शैली वर्तमान पीढ़ी के लिए एक अनमोल उपहार है। राज्यपाल का व्यक्तित्व और सोच गुरु नानक देव जी और गुरु गोबिंद सिंह जी के सिद्धांतों पर आधारित है।
भारतीय सेना में अपनी कुशलता के लिए जाने जाने वाले लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह वर्तमान में उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में कार्यरत हैं, जो प्रदेशवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। सोमवार को, राज्यपाल गुरमीत सिंह और डॉ. संतोषानंद देव ने द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक, श्री केदारनाथ धाम के दर्शन किए और भगवान केदारेश्वर की पूजा अर्चना की। उन्होंने उत्तराखंड की समृद्धि, सुख-शांति और जन कल्याण के लिए प्रार्थना की।
डॉ. संतोषानंद देव महाराज ने राज्यपाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें राष्ट्रपति पद पर सुशोभित होने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि भगवान केदारनाथ के दर्शन एक अलौकिक अनुभव हैं, जो असीम शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देते हैं। राज्यपाल के साथ दर्शन करना एक विशेष अनुभूति थी।