सिडकुल में अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, 45 भारी वाहनों के चालान
हरिद्वार। एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मार एआरटी ओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने सिडकुल क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर यातायात बाधित करने वाले 45 भारी वाहनों के चालान किए और उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग न करने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगा।
ओवरलोड गन्ना ट्रक पलटा, दो कारें दबीं
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में प्रेमनगर तिराहे के पास होटल जान्हवी डेल के सामने हाईवे की सर्विस रोड पर गन्नों से लदा ओवरलोड ट्रक पलट गया, जिससे सड़क किनारे खड़ी दो कारें दब गईं। गनीमत रही कि कारों में कोई सवार नहीं था। स्थानीय लोगों के अनुसार चालक नशे में था और फरार हो गया; पुलिस मामले की जांच कर रही है।
68 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का शैक्षिक भ्रमण
हरिद्वार। नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत जगजीतपुर स्थित 68 एमएलडी ‘पिंक एसटीपी’ का डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी, देहरादून के विद्यार्थियों ने शैक्षिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने जल शोधन की तकनीकों और गंगा स्वच्छता में संयंत्र की भूमिका को समझा। परियोजना प्रबंधक इंजीनियर मीनाक्षी मित्तल के नेतृत्व में संचालित इस प्लांट में दिन की पाली में सभी कर्मचारी महिलाएं कार्यरत हैं।
कुंभ मेले के मद्देनजर कलाकृतियों से सज रही धर्मनगरी की दीवारें
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले को लेकर शहर की दीवारों और चंडी देवी की पहाड़ियों तक फाइन आर्ट्स के छात्र-छात्राओं व युवा कलाकारों द्वारा धार्मिक प्रसंगों, पौराणिक कथाओं और ‘ग्रीन कुंभ’ के संदेश वाली कलाकृतियां उकेरी जा रही हैं। इस पहल से शहर के सौंदर्यीकरण के साथ महिला कलाकारों को भी मंच मिल रहा है।
प्रबंधन संकाय में एनएफओ पर अतिथि व्याख्यान
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के प्रबन्ध अध्ययन संकाय और कन्या गुरुकुल परिसर में ‘न्यू फंड ऑफर’ (एनएफओ) की कार्यप्रणाली व अवसरों पर अतिथि व्याख्यान आयोजित हुआ। एनजे वेल्थ के शाखा प्रबंधक हिमांशु शर्मा ने एनएफओ, एनएवी गणना और वेल्थ मैनेजमेंट में करियर की संभावनाओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
प्रतिभा के बल पर देश-दुनिया में नाम रोशन कर रही छात्राएं: प्रो. प्रतिभा लूथरा
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के कॉरपोरेट अफेयर्स एंड आउटरीच सेल व कन्या गुरुकुल परिसर में दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने किया। ‘सक्षम नारी आत्मनिर्भर भारत’ विषय पर विशेषज्ञों ने छात्राओं को करियर, चयन प्रक्रिया और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया।















