चार धाम यात्रा: कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने किया स्थलीय निरीक्षण

Listen to this article

हरिद्वार, 22 मई 2025: उत्तराखंड के लोक निर्माण, पर्यटन, सिंचाई, लघु सिंचाई, संस्कृति, ग्रामीण निर्माण, पंचायतीराज, जलागम प्रबन्धन, बाढ़ नियंत्रण एवं भारत-नेपाल नदी परियोजना मंत्री सतपाल महाराज ने आज ऋषिकुल मैदान स्थित चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए पंजीकरण काउंटर, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्री महाराज ने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं से बातचीत कर फीडबैक लिया और उनकी सुखद यात्रा की कामना की। श्रद्धालुओं ने पंजीकरण हेतु की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। मंत्री ने जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह को निर्देश दिए कि तीर्थ यात्रियों को पंजीकरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो, ताकि वे सुखद यादें लेकर लौटें।
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद यात्रियों की संख्या में कमी आई थी, लेकिन अब इसमें लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने इस वर्ष भी बड़ी संख्या में यात्रियों के आने की संभावना जताई।
नवीनतम पंजीकरण और दर्शन के आँकड़े:
* कुल पंजीकृत श्रद्धालु: 31,16,655
* यमुनोत्री धाम: 5,08,041
* गंगोत्री धाम: 5,59,272
* केदारनाथ धाम: 10,40,901
* बद्रीनाथ धाम: 9,46,619
* हेमकुण्ड साहिब: 61,822
* कुल दर्शनार्थी: 11,55,386
* यमुनोत्री धाम: 2,10,908
* गंगोत्री धाम: 1,96,200
* केदारनाथ धाम: 4,53,414
* बद्रीनाथ धाम: 2,94,864
कैलाश मानसरोवर यात्रा:
श्री महाराज ने यह भी बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा भी जल्द शुरू होने वाली है, जिसमें 250 यात्री लिपुलेख होते हुए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था की गई है कि भारत के लिपुलेख से भी यात्री कैलाश मानसरोवर के दर्शन कर सकेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल, तहसीलदार सचिन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।