मोबाइल नहीं, अखबार है ज्ञान और सत्यता का असली माध्यम: अनिल आत्रेय
हरिद्वार: आत्रेय न्यूज एजेंसी के स्वामी अनिल आत्रेय ने बताया कि डिजिटल दौर में भी खबरों की सत्यता और प्रामाणिकता के लिए अखबार ही सबसे सशक्त माध्यम है। नियमित अखबार पढ़ने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलती है, आत्मविश्वास बढ़ता है और नई-नई जानकारियों का विस्तार होता है। वेंडर जोगिंदर सिंह और अश्वनी शर्मा ने भी विचार व्यक्त करते हुए युवा पीढ़ी को अखबारों से जुड़ने की सलाह दी।
रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक: रोहन सहगल
हरिद्वार: भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रोहन सहगल के देवपुरा स्थित निवास पर रक्षाबंधन मिलन समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि रश्मि चौहान (सदस्य, एनसीटीई) की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में रोहन सहगल ने कहा कि रक्षाबंधन बहनों के सम्मान, सुरक्षा और सहयोग का संदेश देता है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए बेटियों को बेहतर अवसर देने की बात कही।
कलेक्ट्रेट परिसर में वाटर हार्वेस्टिंग कार्य का शुभारंभ
हरिद्वार: नगर पालिका शिवालिकनगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रोशनाबाद कलेक्ट्रेट परिसर में वाटर हार्वेस्टिंग कार्य का शुभारंभ किया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि भूजल स्तर को बनाए रखने और जल संकट से निपटने के लिए वर्षा जल संरक्षण सबसे महत्वपूर्ण पहल है। जिलाधिकारी ने इस प्रयास की सराहना करते हुए आमजन से भी अपने स्तर पर वाटर हार्वेस्टिंग तकनीक अपनाने की अपील की।
व्यापारियों ने जिलाधिकारी के साथ मिलकर किया पौधारोपण
हरिद्वार: भगत सिंह चौक व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के साथ मिलकर पौधारोपण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना आवश्यक है। व्यापार मंडल अध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति आम लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
भद्रा रहित शुभ योगों के बीच धर्मनगरी में उल्लासपूर्वक मना रक्षाबंधन
हरिद्वार: धर्मनगरी में रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस बार भद्रा का साया न होने और सुकर्मा, सर्वार्थ सिद्धि सहित पांच शुभ योग बनने से बहनों ने शुभ मुहूर्त में भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर लंबी उम्र की कामना की। बाजारों में मिठाइयों व उपहारों की खरीदारी के लिए भीड़ रही, वहीं रोडवेज बसों में महिलाओं ने सरकार द्वारा दी गई मुफ्त यात्रा सुविधा का जमकर लाभ उठाया।


