हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जेप्टो समेत कई दुकानों को नोटिस, 19 नमूने जांच के लिए भेजे गए

Listen to this article

उत्तराखंड के खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय और हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में रविवार, 30 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विभिन्न टीमों ने जनपद हरिद्वार में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शिवालिक नगर, ज्वालापुर, रुड़की, भगवानपुर, झबरेड़ा और नारसन क्षेत्रों में रिटेल स्टोरों, ई-कॉमर्स ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, डेरियों और किराना दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।

​अभियान के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने कुल 19 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा है। इनमें देशी घी, मैदा, साबुत काली मिर्च, पोहा, खाद्य तेल, सूजी, जूस, चायपत्ती, बेसन, नमकीन, बिस्कुट और मावा शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं भी सामने आईं। शिवालिक नगर में ‘पंसारी इण्डस्ट्रीज, नई दिल्ली’ के पोहे पर निर्माता का नाम-पत्ता न होने, गलत स्कैन कोड और भ्रामक हेल्थ क्लेम पाए जाने पर तथा ‘ग्रो मोर स्पाइसेज एण्ड पल्सेस गुरुग्राम हरियाणा’ के मैदे पर एक्सपायरी तिथि दर्ज न होने पर नोटिस जारी किए गए।

​इसके अलावा, रानीपुर मोड़ स्थित ई-कॉमर्स ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ‘जेप्टो’ (Zepto) के वेयरहाउस के निरीक्षण में कंपनी फूड लाइसेंस, वर्करों के मेडिकल और पेस्ट कंट्रोल जैसे अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। साथ ही, कई उत्पादों पर निर्माण व एक्सपायरी तिथियां भी अपठनीय मिलने पर जेप्टो को मौके पर ही नोटिस थमाया गया। रुड़की और अन्य क्षेत्रों में भी बिना दस्तावेज के कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए कुल कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।