नारी शक्ति की भागीदारी से ही सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव: मदन कौशिक

Listen to this article

हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा नारी शक्ति के सम्मान, स्वाभिमान एवं सशक्तिकरण को समर्पित ‘नारी शक्ति वंदन समारोह’ का आयोजन भूपतवाला स्थित वासुदेव आश्रम में अत्यंत धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने कैबिनेट मंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें विजय श्री का आशीर्वाद दिया।

महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से बन रही देश के विकास की नई तस्वीर

समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक माना गया है। आज महिलाएं समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, राजनीति, खेल, व्यापार, विज्ञान, कला, सामाजिक सेवा और उद्यमिता सहित सभी क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश के विकास की नई तस्वीर पेश कर रही है।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम ऐतिहासिक कदम

कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बल देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है, उसकी प्राप्ति में देश की आधी आबादी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब महिलाएं आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त होंगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत होगा।

नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण ऊर्जा: महापौर

हरिद्वार नगर निगम की महापौर श्रीमती किरण जैसल ने उपस्थित महिलाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति भी है। आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। भाजपा सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें सच्चा सम्मान देने का कार्य किया है।

ऐतिहासिक कुंभ और तीसरी बार भाजपा सरकार का दावा

भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि हरिद्वार में चारों ओर विकास कार्य चल रहे हैं और यहां एक ऐतिहासिक कुंभ का आयोजन संपन्न होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बहनों के आशीर्वाद से प्रदेश में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं हुईं सम्मानित

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा कि सशक्त नारी, सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र ही विकसित भारत की मजबूत नींव है।

कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम का सफल संचालन भाजयुमो नेता दीपांशु विद्यार्थी ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष तरुण नैय्यर, मंडल अध्यक्ष किशन बजाज, महामंत्री सर्वेश्वर मूर्ति भट्ट, देवेश ममगई, पार्षद आकाश भाटी, सुनीता शर्मा, सूर्यकांत शर्मा, अनिरुद्ध भाटी, पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, महेंद्र अरोड़ा, अन्नू कक्कड़, आदर्श पाण्डेय, प्रीति गौड़, मुकेश कौशिक, आदित्य गौड़, अजीत कुमार, करण वर्मा, राजकुमार अरोड़ा, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, ललित नय्यर, मुनेश सैनी, गौरव वर्मा, श्याम पाण्डेय और सूरज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।