हरिद्वार। खेल महाकुंभ के अंतर्गत रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को बीएचईएल सेक्टर-1 (रानीपुर) स्थित शिवडेल स्कूल में हरिद्वार जिला नेटबॉल चयन ट्रायल का सफल आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि पूर्व में 27 सितंबर को होने वाला यह ट्रायल बारिश और मैदान गीला होने के कारण स्थगित कर दिया गया था।
आयोजित ट्रायल में जिले भर से लगभग 80 से 90 खिलाड़ियों ने भाग लिया और विभिन्न आयु वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। युवा कल्याण विभाग द्वारा खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन कर उनका चयन किया गया, जो आगामी प्रतियोगिताओं में हरिद्वार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खेल महाकुंभ के नोडल अधिकारी मुकेश भट्ट ने बताया कि चयन ट्रायल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की प्रतिभावान खेल प्रतिभाओं को तलाश कर उन्हें जिला व राज्य स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने में शालू तोमर, सचिन सैनी, प्रीति राठी, रजत कुमार, राहुल चिंद्रे, अमित चौधरी तथा युवा कल्याण विभाग के खेल प्रशिक्षक मुदस्सिर अली (समीर) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में शिवडेल स्कूल के चेयरमैन शरदपुरी महाराज एवं प्रधानाचार्य पुनीत श्रीवास्तव ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















