पांच महीने बाद खुला राजाजी टाइगर रिजर्व: रानीपुर और चीला रेंज में जंगल सफारी का भव्य आगाज

Listen to this article

  • ​राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने रानीपुर और नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने चीला रेंज का किया शुभारंभ
  • ​पहले ही दिन सफारी के सभी स्लॉट फुल; अमेरिका से आए 29 छात्रों व 4 शिक्षकों के दल ने लिया रोमांचक सफारी का आनंद

​हरिद्वार: पांच महीने के मानसून अवकाश के बाद रविवार को राजाजी टाइगर रिजर्व की विश्व प्रसिद्ध चीला और रानीपुर रेंज के द्वार देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही नए पर्यटन सत्र (15 नवंबर से 15 जून) की औपचारिक शुरुआत हो गई है।

​रानीपुर रेंज के मुख्य द्वार का उद्घाटन राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि और वन क्षेत्राधिकारी आभा रतूड़ी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। वहीं, चीला रेंज में नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा और पार्क वार्डन विजय सैनी ने सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर पर्यटकों को जंगल की सैर के लिए रवाना किया।

​पहले दिन दिखा जबरदस्त उत्साह, अमेरिकी दल ने उठाया लुत्फ

पर्यटन सत्र के पहले ही दिन सैलानियों में भारी उत्साह देखने को मिला, जिसके चलते चीला रेंज की सभी ऑनलाइन व ऑफलाइन स्लॉट तथा सफारी जिप्सियां पूरी तरह बुक रहीं। उद्घाटन के पहले दिन संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) से आए 29 छात्रों और उनके 4 शिक्षकों के विशेष दल ने भी जंगल सफारी के दौरान हाथी, हिरण, गुलदार और दुर्लभ पक्षियों के दीदार किए।

​वन्यजीव सुरक्षा और सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता

इस अवसर पर राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व उत्तराखंड के पर्यटन का प्रमुख केंद्र है, जहां हर वर्ष देश-विदेश से लाखों सैलानी आते हैं। सरकार द्वारा पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सैलानियों से जंगल के भीतर अनुशासन और वन नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।

​पार्क वार्डन विजय सैनी ने जानकारी दी कि चीला रेंज पर्यटकों की पहली पसंद होने के साथ-साथ राजस्व अर्जन में भी रिजर्व में प्रथम स्थान पर है, जबकि रानीपुर रेंज भी अपनी समृद्ध जैव विविधता के लिए जानी जाती है। प्रशासन का मुख्य लक्ष्य वन और वन्यजीवों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए पर्यटकों को एक यादगार अनुभव प्रदान करना है।