उपहार सूची में नाम दर्ज कराने को लेकर हंगामा: बिन बुलाए पहुंचे कथित पत्रकारों और समर्थकों में मारपीट, गन्ने लेकर दौड़ाया ​हरिद्वार/लक्सर:

Listen to this article

​हरिद्वार/लक्सर:

उत्तराखंड के लक्सर क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम उस वक्त जंग का मैदान बन गया, जब उपहार प्राप्त करने के लिए नाम लिखवाने की होड़ में आयोजकों और कुछ कथित कलमकारों के बीच तीखी बहस के बाद जमकर मारपीट हो गई। “बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना” की कहावत को चरितार्थ करने वाली इस घटना की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में जोर-शोर से हो रही है।

​बिन बुलाए पहुंचे थे कई जिलों के ‘कलमकार’

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लक्सर में आयोजित इस समारोह में न केवल स्थानीय लोग, बल्कि भगवानपुर, हरिद्वार और रुड़की से भी कुछ पत्रकार बिना आमंत्रण के ही पहुंच गए। कार्यक्रम स्थल पर जैसे ही उपहार बांटने और उसके लिए नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हुई, वहां अचानक आपाधापी और भगदड़ जैसा माहौल बन गया।

​नाम लिखवाने को लेकर बढ़ा विवाद, हाथापाई में बदला

बताया जा रहा है कि उपहार पाने की होड़ में बिन बुलाए पहुंचे इन मेहमानों ने कार्यक्रम की व्यवस्था को प्रभावित करना शुरू कर दिया। आयोजक पक्ष द्वारा जब इस पर आपत्ति जताई गई, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत गाली-गलौज और मारपीट तक आ पहुंची।

​गन्ने लेकर दौड़ाया, मौके पर मची अफरा-तफरी

माहौल बिगड़ते ही आयोजकों के समर्थकों और वहां मौजूद कुछ अन्य लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सूत्रों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर समर्थकों ने खेत में पड़े गन्नों को ही अपना हथियार बना लिया और बिन बुलाए पहुंचे उपद्रवी मेहमानों की जमकर धुनाई कर दी। गन्नों की मार से बेदम होकर कई तथाकथित पत्रकार वहां से भागते नजर आए।

​इस घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल इस पूरे वाक्ये की चर्चा पूरे हरिद्वार जिले में चटकारे लेकर की जा रही है।