बड़ी खबर: जनपद हरिद्वार की खबरें यहां देखें

Listen to this article

उत्तरी हरिद्वार में पेयजल आपूर्ति की जाये सुचारू: अनिरूद्ध भाटी

जल संस्थान के कार्यालय पर अधिशासी अभियन्ता व एई को व्यवस्था सुधार हेतु सौंपा ज्ञापन

हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार में पेयजल की अनियमित आपूर्ति,नलों में दूषित पानी आने से आक्रोशित भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने भाजपा पार्षद दल के उपनेता अनिरूद्ध भाटी के नेतृत्व में जल संस्थान के अधिकारियों को दूषित पानी की बोतल दिखाते हुए अधिशासी अभियन्ता व एई को पेयजल व्यवस्था सुधार हेतु ज्ञापन सौंपा। उत्तराखण्ड जल संस्थान के अधिशासी अभियन्ता मदन सैन को ज्ञापन सौंपते हुए उपनेता अनिरूद्ध भाटी ने कहा कि विगत काफी समय से मुखिया गली,दुर्गानगर,पावन धाम मार्ग, कैलाश गली, इन्द्रा बस्ती, कोरा देवी कॉलोनी, खड़खड़ी,नई बस्ती, शिव नगर,सप्त सरोवर मार्ग क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति अनियमित बनी हुई हैं। यात्री बाहुल्य क्षेत्र में सुबह-शाम मात्र दो-दो घंटे ही पानी की आपूर्ति होती हैं,जिस कारण स्थानीय निवासियों व तीर्थयात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों की दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि जल संस्थान की लापरवाही के चलते विगत दो दिनों से नलों में दूषित पानी आ रहा है जिस कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा उत्पन्न हो गया है। उत्तरी हरिद्वार में निर्बाध पेयजल आपूर्ति हेतु कुम्भ मेले में बने नलकूप से सूखी नदी के पास लाईन को जोड़ना अति आवश्यक है। पार्षद प्रतिनिधि विदित शर्मा ने कहा कि अधिकांश धार्मिक संस्थाएं आश्रम, अखाड़े, होटल, धर्मशालाएं उत्तरी हरिद्वार में ही स्थित हैं,ऐसे में पानी की अनियमित आपूर्ति व दूषित पानी की सप्लाई से पूरे देश में तीर्थनगरी हरिद्वार की छवि धूमिल हो रही है। कहा कि यदि शीघ्र ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री से मिलकर लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करवायी जायेगी। युवा नेता आकाश भाटी व नीरज शर्मा ने कहा कि मुखिया गली, पावन धाम मार्ग, मस्तराम गली जैसे क्षेत्रों में मोटर का प्रयोग किये बिना पानी आता नहीं है यदि मोटर का ज्यादा प्रयोग किया जाये तो कीचड़युक्त पानी की आपूर्ति होने लगती है। यदि व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता और भाजपा कार्यकर्त्ता जल संस्थान के कार्यालय की ताला बंदी करेंगे। शिव शक्ति व्यापार मण्डल के अध्यक्ष विपिन शर्मा व कोषाध्यक्ष मान्धाता गिरि ने कहा कि हरिद्वार में पर्याप्त मात्रा में पानी की उपलब्धता होने के बावजूद पानी की अनियमित आपूर्ति अधिकारियों की घोर लापरवाही का परिणाम है। अधिकारियों की उदासीनता के चलते भूपतवाला,खड़खड़ी,नई बस्ती के निवासी दूषित पानी पीने को मजबूर हैं,जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। समाजसेवी डॉ. श्यामलाल पुरी ने कहा कि जल संस्थान को क्षेत्रवासियों की परेशानी के दृष्टिगत त्वरित गति से पेयजल व्यवस्था को दुरूस्त करना चाहिए। मौके पर पहुंचे जल संस्थान के अधिशासी अभियन्ता मदन सैन ने वार्ता के पश्चात भाजपा कार्यकर्त्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह शीघ्र ही स्वच्छ पानी की नियमित आपूर्ति हेतु व्यवस्था सुनिश्चित करवा रहे हैं। क्षेत्रीय पार्षद अनिरूद्ध भाटी के प्रस्ताव पर हाईवे पर बने नलकूप से सूखी नदी तक लाईन को जोड़ा जायेगा तथा प्राइमरी स्कूल भूपतवाला पर जिला योजना से एक और नलकूप की स्थापना करवायी जा रही है। उन्होंने एई राकेश बमराडा को तुरन्त क्षतिग्रस्त लाईनों की मरम्मत व वाशिंग के निर्देश दिये। इस मौके पर ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से पार्षद सुनीता शर्मा,पार्षद प्रतिनिधि दिनेश शर्मा,, भाजपा वार्ड अध्यक्ष नीरज शर्मा, विपिन शर्मा,मान्धाता गिरि,आशु आहूजा,ऑटो यूनियन के महामंत्री राघव ठाकुर,आदित्य यादव, हंसराज आहूजा, सुखेन्द्र तोमर,रामवीर पाल,संजय पाल, विजय पाल,नरेश पाल,प्रमोद पाल,सन्नी गिरि,गोपी सैनी समेत क्षेत्रवासी व भाजपा कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

भाजपा ओबीसी मोर्चा ने चलाया महा जनसंपर्कअभियान

हरिद्वार। सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के नौ वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा ने महा जनसंपर्क अभियान के तहत संतों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए आशीर्वाद लिया। महा जनसंपर्क अभियान के तहत भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरि व संत मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी राममुनि महाराज, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार, जिला प्रभारी भरत लाल के नेतृत्व में उत्तरी हरिद्वार के मठ मंदिर आश्रम व प्रतिष्ठानों में जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश व प्रदेश में विगत नौ सालों में भाजपा द्वारा किए गए सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के बारे में बताया गया और भाजपा के महा जनसंपर्क अभियान से जुड़ने के लिए लोगों को कहा गया। उत्तरी हरिद्वार के संत मंडल आश्रम व सुनहरी आश्रम में संतांे की बैठक को संबोधित करते हुए ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरि ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी एक समान है। भाजपा ने देश की जनता से किए वादे निभाने के साथ-साथ सनातन धर्म और संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का चहुंमुखी विकास हुआ और देश दुनिया के नक्शे पर अपनी अमिट छाप छोड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याणकारी योजना के तहत अच्छी करोड़ लोगों को मुफ्त राशन वितरण किया और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान बनाकर दिए, गरीबों को बैंकिंग की व्यवस्था से जोड़ा गया, नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में 10 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत देश में 34 लाख रेहड़ी पटरी वालों को ऋण का वितरण किया गया। इस मौके पर संत मंडल आश्रम के परम अध्यक्ष स्वामी राम मुनि महाराज ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर तथा काशी विश्वनाथ उज्जैन महाकाल मंदिर में भव्य कॉरिडोर का निर्माण किया और सोमनाथ और केदारनाथ मंदिर का जीर्णाेद्धार कराकर सनातन धर्म व संस्कृति के बढ़ाने का काम करते हुए संरक्षित करने का काम किया। जिलाध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार व जिला प्रभारी भरत लाल ने संयुक्त रूप में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने देश के विकास के लिए काम किया जबकि देश पर 70 साल तक शासन करने वाली विपक्षी पार्टियों ने केवल देश को गुमराह कर अपना खजाना भरने का काम किया। इस मौके पर सुनहरी आश्रम के परमाध्यक्ष मुकेशानंद महाराज, सन्त मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी राम मुनि महाराज, स्वामी देवानंद, स्वामी उमेशानंद, महंत प्रेमानंद, महंत संतोषानंद, महंत सोहम प्रकाश,महंत प्रमोद महाराज,महंत ज्ञानानद, महंत मुक्तिनाथ,महंत बामनाथ का भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार, उपाध्यक्ष रवि कश्यप, आदित्य गिरि,संदीप अरोड़ा,प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी प्रदीप गिरि, जिला प्रभारी भरत लाल,विपिन चौधरी, आशीष चौधरी, सर्वेश प्रजापति, पवनदीप, संदीप सिंघानिया, सत्यपाल सैनी, जय भगवान सैनी, सूरज शर्मा, आर्दश पाण्डे ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।

भगवान भोलेनाथ की कृपा से सकुशल सम्पन्न होगा कांवड़ यात्रा मेला: स्वामी गर्व गिरि

हरिद्वार। बाबा वीरभद्र सेवा संगठन ने सावन कांवड़ यात्रा मेला को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए कांगड़ी स्थित बाबा वीरभद्र सेवाश्रम न्यास के परमाध्यक्ष जूना अखाड़ा महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरि महाराज के सानिध्य में भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर प्रार्थना की गई। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरि महाराज ने कहा कि लोक कल्याण के लिए सावन के महीने में भगवान भोलेनाथ की निःस्वार्थ भाव से सेवा करनी चाहिए। भगवान भोलेनाथ बड़े दयालु और कृपालु है। भोलेनाथ की कृपा से सावन कांवड़ यात्रा मेला सकुशल संपन्न हो इस निमित भगवान भोलेनाथ का श्रद्धालु भक्तों द्वारा रुद्राभिषेक किया गया। उन्होंने कहा भगवान भोलेनाथ अपने भक्तांे की रक्षा करते हुए उनको सावन कांवड़ यात्रा में कांवड़ ले जाने की शक्ति प्रदान करते हैं। स्वामी गर्व गिरि महाराज ने श्रद्धालु भक्तों से अपील करते हुए कहा कि सावन कांवड़ यात्रा में आने वाले सभी श्रद्धालु भक्त तीर्थनगरी और मां गंगा की मान मर्यादा को कायम रखने के लिए नशे का सेवन न करे और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की निःस्वार्थ भाव से सेवा करने से जीवन का कल्याण हो जाता है और जीवन में सुख-शांति, समृद्धि की कामना पूर्ण होती है। इस अवसर पर पंडित अशोक नवानी, डा.अभय गोतम, महंत लव गिरि,प्रमोद गिरि, डा.स्नेह गोतम,प्रोफेसर सुधीर पाल, प्रदीप गिरि,भरत लाल,सत्यपाल सैनी,मोनू गिरि,सोनिया गिरि, आराध्य गोतम,कार्तिक पुरी ने प्रतिभाग किया।

बल सिंह सैनी बने यूकेडी के हरिद्वार जिलाध्यक्ष

हरिद्वार। कनखल स्थित होटल में संपन्न हुए उत्तराखंड क्रांति दल के संगठनात्मक जिले हरिद्वार व रूड़की के संयुक्त सम्मेलन में बल सिंह सैनी को जिलाध्यक्ष तथा चौधरी घनश्याम सिंह को रूड़की जिलाध्यक्ष चुना गया। सम्मेलन की अध्यक्षता उक्रांद की केंद्रीय उपाध्यक्ष सरिता पुरोहित एवं संचालन हरिद्वार जिला प्रभारी बृजवीर सिंह ने किया। चुनावी प्रक्रिया उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री एवं प्रेक्षक मोहन सिंह असवाल एवं केंद्रीय उच्च सलाहकार समिति के सदस्य एवं चुनाव अधिकारी रविंद्र वशिष्ठ की देखरेख में सपन्न हुए। सम्मेलन में हरिद्वार, लक्सर,खानपुर, रूड्की,भगवानपुर, बहादराबाद,नारसन ब्लाक के प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सम्मेलन में आदेश मारवाडी, डा.राजवीर सिंह,जसवंत सिंह बिष्ट, प्रदीप उपाध्याय, डा.संजय उपाध्याय,लोकेश कुमार,केन्द्रपाल तोपवाल,विपिन रावत,सुरेंद्र उपाध्याय, प्रशान्त उपाध्याय, अल्ताफ हुसैन, फरमान खान, मेहताब खान, अतीक खान आदि मौजूद रहे।

मां जगदम्बा का स्मरण करने मात्र से ही पापों का क्षय होता है-स्वामी हरिचेतनानंद

हरिद्वार। खड़खड़ी स्थित निर्धन निकेतन आश्रम में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा के दौरान कथा व्यास महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने श्रद्धालुओं को देवी की महिमा से अवगत कराते हुए कहा कि जितनी अधिक भक्ति एवं श्रद्धा के साथ कथा श्रवण एवं मनन करोगे मां की उतनी ही अधिक कृपा प्राप्त होगी। श्रीमद् देवी भागवत कथा मोक्ष दायिनी मंदाकिनी है। इसमें जितना अधिक गोता लगाओगे उतनी ही अधिक आध्यात्मिक चेतना एवं शांति की प्राप्ति होगी। आठवें दिन की कथा का श्रवण कराते हुए स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि मां जगदम्बा के सती स्वरूप का स्मरण करने मात्र से ही पापों का क्षय होकर पुण्यों का उदय होता है। स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने बताया कि जब भगवान शिव सती के शव को लेकर जा रहे थे। तब भगवान विष्णु के चक्र से सती के अंगों के टुकड़े होकर जहां-जहां गिरे, वहां शक्तिपीठों की स्थापना हुई है। शक्तिपीठों के दर्शन एवं स्मरण मात्र से ही पापों से मुक्ति मिल जाती है। महासती सावित्री की मर्मस्पर्शी कथा का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा सती में ब्रह्मांड तक को चुनौती देने की शक्ति होती है। पति को परमात्मा मानकर मन वचन एवं कर्म के साथ सती धर्म निभाने वाली सावित्री ने अपने पति सत्यवान के प्राण साक्षात यमराज से वापस लाकर एक आदर्श नारी की मिसाल प्रस्तुत की है। सतियों का नमन भी मन को शांति प्रदान करता है। आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी ऋषि रामकृष्ण महाराज ने कहा कि संसार की संरचना का मुख्य केंद्र नारी शक्ति है। बिना नारी शक्ति के सृष्टि का निर्माण संभव नहीं है। श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा इसी यथार्थ को वर्णित करती है। श्रीमद् देवी भागवत महापुराण को पढ़ने एवं सुनने से समस्त कष्टों का निवारण हो जाता है। पुराण भगवान से मिलने का सुगम साधन है। आवश्यकता सिर्फ इस बात की है कि मन में दृढ़ संकल्प हो और परमात्मा पर पूर्ण विश्वास हो तो आराधना,साधना अवश्य साकार होती है। इस अवसर पर स्वामी शिवानंद भारती, सतपाल ब्रह्मचारी,महंत रघुवीर दास,महंत सूरजदास,महंत शिवम गिरी,पंडित अमित थपलियाल, ट्रस्टी नरेंद्र कपूर,विजय सिंहला,जीवन गोयल,प्रेमदत्त,ज्ञानचंद,सीता देवी व बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।