क्राइम न्यूज़: टोल प्लाजा पर मारपीट के मुख्य आरोपी को पुलिस ने दबोचा

Listen to this article


टोल प्लाजा पर फर्जी रसीद देकर झगड़ा करने वाला आरोपी ऋषिकेश से गिरफ्तार

हरिद्वार। बहादराबाद टोल प्लाजा पर यूपी के सिपाही के साथ मारपीट के मुख्य आरोपी को पुलिस ने ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया। बहादरबाद थानाध्यक्ष नरेश राठौर के अनुसार बीते 12 अक्टूबर की रात को मेरठ निवासी यूपी पुलिस के सिपाही वीर सिंह अपनी कार से परिवार से हरिद्वार से वापस लौट रहे थे। रात को बहादरा बाद स्थित टोल प्लाजा पर फर्जी रसीद देने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि टोल पर मौजूद 10 से 12 लोगों ने लाठी डंडों से मारपीट कर सिपाही को घायल कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मौके से मुख्य आरोपी आदि मलिक पुत्र शकील निवासी ग्राम बांेग्ला थाना बहादराबाद फरार हो गया था। जिसे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुधवार को एम्स अस्पताल ऋषिकेश के पास से गिरफ्तार पर जेल भेज दिया।

40 लीटर कच्ची शराब सहित दो दबोचे

हरिद्वार। अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना पथरी पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। डेरा कराल से गिरफ्तार आरोपियों सुखविन्दर पुत्र दलील सिंह निवासी डेरा कराल थाना लक्सर व तीरथ पुत्र ज्ञानता निवासी झींवरहेडी थाना लक्सर के कब्जे से 40 लीटर कच्ची शराब, शराब बनाने के उपकरण, भट्टी आदि बरामद किए गए। इस दौरान एक हजार लीटर लाहन को पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकद्मद दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में एसआई रोहित कुमार, कांस्टेबल राकेश नेगी व नारायण सिंह शामिल रहे।