देहरादून : देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को बेचने के लिए नए आउटलेट, कैफे और रेस्टोरेंट खोले जाएंगे। इन आउटलेट्स को चार जगहों पर खोला जाएगा ,कचहरी परिसर, सुद्धोवाला (पंचायतघर के पास), कोरोनेशन अस्पताल और गुच्छुपानी।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार: इन आउटलेट्स से न केवल लोगों को स्वस्थ भोजन और जैविक उत्पाद मिलेंगे, बल्कि महिला स्वयं सहायता समूहों को भी अपने उत्पाद बेचने का एक अच्छा मंच मिलेगा। इससे न केवल उन्हें रोजगार मिलेगा बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
पर्यटकों को मिलेगी सुविधा: सुद्धोवाला में खुलने वाले आउटलेट से पर्यटकों को स्थानीय भोजन और उत्पाद आसानी से मिल सकेंगे। साथ ही, कोरोनेशन अस्पताल में आने वाले मरीजों के परिजनों को भी सुविधा होगी।
गुच्छुपानी में पर्यटकों को लुभाएंगे पहाड़ी व्यंजन: गुच्छुपानी में खुलने वाले आउटलेट में पर्यटकों को पहाड़ी व्यंजन और जैविक उत्पाद मिलेंगे। इससे राज्य के स्थानीय उत्पादों को देश-विदेश में पहचान मिलेगी।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि उन्होंने नैनीताल में जिलाधिकारी रहते हुए भी इस तरह के आधुनिक किचन बनाए थे। उन्होंने कहा कि यह पहल स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने में मदद करेगा।
जिला के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि यह फैसला जिलाधिकारी के सुझाव पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल स्वयं सहायता समूहों को फायदा होगा बल्कि जिले के विकास में भी योगदान मिलेगा।
2024-11-24













