देहरादून: उत्तराखंड के लिए 38वें राष्ट्रीय खेलों का आगाज बेहद शानदार रहा है। बागेश्वर जिले की रहने वाली ज्योति वर्मा ने बुधवार को देहरादून के स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित वुशु प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने न सिर्फ उत्तराखंड का खाता खोला, बल्कि इन खेलों में राज्य के लिए पहला पदक जीतने का गौरव भी हासिल किया है।
उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत हैं ज्योति:
ज्योति वर्मा की यह उपलब्धि बेहद खास है, क्योंकि वह वर्तमान में उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत हैं। अपनी व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने खेल के प्रति अपने जुनून को जिंदा रखा और यह सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि ने राज्य के युवाओं को भी प्रेरित किया है।
खेल मंत्री ने दी बधाई:
ज्योति वर्मा की इस ऐतिहासिक सफलता पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ज्योति की इस उपलब्धि से प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
वुशु में जीता कांस्य पदक:
ज्योति वर्मा ने वुशु प्रतियोगिता के ताईक्वांडो इवेंट में कांस्य पदक जीता। उन्होंने अपने प्रदर्शन से न सिर्फ दर्शकों का मन मोहा, बल्कि जजों को भी प्रभावित किया। उनकी तकनीक, फुर्ती और आत्मविश्वास देखते ही बनता है।
2025-01-30













