क्राइम: लूट के आरोपी को मुठभेड़ में लगी गोली, गिरफ्तार, एक फरार

Listen to this article

हरिद्वार: हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और लूट के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, दूसरा बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उन्हें मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि नन्हेड़ा गांव का रहने वाला लूट का एक आरोपी अंशुल अपने एक अन्य साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मंगलौर से भगवानपुर की ओर आ रहा है। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए भगवानपुर थाने की पुलिस टीम कुंजा बहादुरपुर के बाहर रेलवे पटरी के किनारे बदमाशों की तलाश में गहन चेकिंग कर रही थी।
कुछ देर बाद, पुलिस टीम को एक बुलेट मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बुलेट पर सवार संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस दल ने तुरंत मोर्चा लेते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
गोली लगने से घायल हुए बदमाश की पहचान अंशुल पुत्र प्रवीण, निवासी हरचन्दपुर, थाना मंगलौर, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए रुड़की के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, मुठभेड़ के दौरान अंशुल का दूसरा साथी जंगल की ओर भागने में सफल रहा। पुलिस टीमें अब फरार बदमाश की तलाश के लिए आसपास के जंगल में कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गिरफ्तार और फरार बदमाश किन-किन लूट की वारदातों में शामिल थे।