अमृत सरोवर मिशन से नेहन्दपुर सुठारी में समृद्धि

Listen to this article

हरिद्वार : हरिद्वार जिले की नेहन्दपुर सुठारी ग्राम पंचायत में अमृत सरोवर मिशन के तहत मुख्य सड़क स्थित 1.56 एकड़ के तालाब का सफल जीर्णोद्धार किया गया है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में शुरू हुए इस कार्य से गांव में जलभराव की समस्या दूर हुई और पर्यावरण में सुधार आया है। मनरेगा और महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद से तालाब को सुंदर सरोवर में बदला गया है।
इस पुनर्निर्माण से स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के नए अवसर खुले हैं। वे अब मत्स्य पालन और सिंचाई कर अपनी आय बढ़ा रहे हैं। भविष्य में यहां मोटर बोट चलाने की योजना है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि हरिद्वार में पहले चरण में 78 तालाबों का जीर्णोद्धार किया गया है। अमृत सरोवर मिशन का उद्देश्य जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण आजीविका को बढ़ाना और जल संकट दूर करना है। यह मिशन ग्रामीण विकास मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है।